नई दिल्ली: बिहार के भागलपुर में बुधवार को जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर(PK)के काफिले से दो गाड़ियां टकरा गईं। इसके बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। इसमें एक एम्बुलेंस फंस गई, जिस वजह से एक मरीज की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि जाम की वजह से मरीज की मौत हो गई है।
मंटू सिंह के समर्थन में रोड शो
प्रशांत किशोर गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी मंटू सिंह के समर्थन में रोड शो करने पहुंचे थे। शाम करीब पांच बजे रोड शो शुरू होने के बाद प्रशांत किशोर का काफिला करीब ढाई किलोमीटर का सफर तय कर मिलन चौक पहुंचा। इसी दौरान उनके काफिले में शामिल दो गाड़ियां आपस में टकरा गईं।
45 मिनट तक रहा जाम
टक्कर के कारण सड़क पर जाम लग गया। धीरे-धीरे दोनों तरफ़ लगभग डेढ़ किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। इसी दौरान पूर्णिया से खगड़िया जा रही एक एम्बुलेंस भी जाम में फंस गई। इस एम्बुलेंस में एक मरीज़ था। मरीज़ का एक रिश्तेदार आगे की सीट पर बैठा था। संपर्क करने पर उसने बताया कि वे लगभग 45 मिनट तक जाम में फंसे रहे। इसी बीच मरीज़ की मौत हो गई। जब मरीज़ के परिवार से और जानकारी मांगी गई, तो उन्होंने कोई भी जानकारी देने से इनकार कर दिया।
ये भी पढ़ें-हिलसा सीट पर एकजुट हुए राजपूत, NDA प्रत्याशी को किया समर्थन
लालू-नीतीश पर हमला
अपने रोड शो के दौरान पीके ने लालू यादव और नीतीश सरकार पर हमला बोला। प्रशांत ने कहा कि दोनों ने मिलकर अपने 35 सालों के शासन में बिहार को मजदूरों की फैक्ट्री बना दी है। नीतीश सरकार जनता को लूटने के बाद अब महिलाओं को 10-10 हजार रूपया दे रही है।



