नई दिल्ली | नई दिल्ली के भारत मंडपम में देश के सबसे बड़े वैश्विक टेक्सटाइल आयोजन भारत टेक्स 2026 की शुरुआत हो गई है। 17 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस चार दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने किया। इस मौके पर वस्त्र राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा, वस्त्र सचिव नीलम शामी राव, बिहार सरकार के उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इस वर्ष बिहार पार्टनर स्टेट के रूप में भाग ले रहा है और राज्य ने टेक्सटाइल एवं परिधान क्षेत्र में अपनी बढ़ती क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। भारत मंडपम के हॉल 11ए में बने बिहार पवेलियन का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और बिहार की उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने संयुक्त रूप से किया।

उद्घाटन के दौरान गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार तेजी से देश के प्रमुख टेक्सटाइल हब के रूप में उभर रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा विकसित की गई आधुनिक औद्योगिक सुविधाओं और निवेश-अनुकूल माहौल से निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।
वहीं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार आज टेक्सटाइल और गारमेंट निर्माण क्षेत्र में नई संभावनाओं वाला राज्य बनकर सामने आ रहा है। राज्य सरकार की उद्योग-अनुकूल नीतियां, बेहतर बुनियादी ढांचा और पारंपरिक हस्तशिल्प को बढ़ावा देने की कोशिशें निवेशकों और उद्यमियों के लिए नए अवसर पैदा कर रही हैं।
उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार पवेलियन राज्य की समृद्ध शिल्प परंपरा और आधुनिक औद्योगिक विकास का बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस आयोजन से बिहार के उद्योगों को नए बाजार और व्यापारिक साझेदार मिलेंगे।
16 कंपनियों के साथ 1476 करोड़ रुपये के MoU

भारत टेक्स 2026 के नॉलेज सेशन के दौरान बिहार सरकार ने टेक्सटाइल और परिधान क्षेत्र की 16 प्रमुख कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। इन समझौतों के जरिए राज्य में 1,476 करोड़ रुपये के संभावित निवेश और 40,500 से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। इससे बिहार के वस्त्र उद्योग को नई गति मिलेगी और औद्योगिक विकास को भी मजबूती मिलेगी।
बिहार की कला और उद्योग दोनों आकर्षण का केंद्र

बिहार पवेलियन में कई प्रमुख संस्थाएं और कंपनियां अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर रही हैं। इसके साथ ही प्रसिद्ध कलाकार कुमारी नलिनी शाह द्वारा मधुबनी पेंटिंग और अरुंधती महतो द्वारा टिकुली कला का लाइव प्रदर्शन भी लोगों को आकर्षित कर रहा है।
17 जुलाई तक चलने वाले भारत टेक्स 2026 में बिहार पवेलियन देश-विदेश के खरीदारों, निवेशकों और आगंतुकों को राज्य की टेक्सटाइल परंपरा, औद्योगिक क्षमता और निवेश के अवसरों से परिचित करा रहा है। यह मंच बिहार के “बिहार है तैयार” विजन को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर बन रहा है।



