दिल्ली विस में अटल बिहारी और मदन मोहन की तस्वीरों का अनावरण

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की उपस्थिति में दिल्ली विधान सभा में काफी टेबल बुक ‘भारत माता’ का विमोचन एवं डॉक्यूमेंट्री ‘संसदीय पथ के आलोक स्तंभ’ का प्रदर्शन हुआ।

Share This Article:

नई दिल्ली: राजनीति सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का पवित्र दायित्व है। लोकतंत्र तभी स्थायी रहता है, जब वह चरित्र, नैतिकता और सत्यनिष्ठा से निर्देशित हो” यह बात माननीय केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कही, जब वे दिल्ली विधानसभा में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी और भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के चित्रों के अनावरण समारोह में उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि दोनों नेता नैतिक ईमानदारी, लोकतांत्रिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता के सर्वोच्च मानक स्थापित करते हैं, और उनका सार्वजनिक आचरण आज भी नैतिक राजनीति, उद्देश्य की एकता और दीर्घकालिक राष्ट्रीय हित को प्राथमिकता देने में मार्गदर्शक है।

काफी टेबल बुक “भारत माता” का विमोचन रक्षा मंत्री ने किया

यह कार्यक्रम दिल्ली विधान सभा परिसर में विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली सरकार के संसदीय कार्य मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट की उपस्थिति में आयोजित हुआ। इसके अतिरिक्त राज्य मंत्री (सड़क परिवहन एवं राजमार्ग तथा कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय) हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने महान नेताओं को पुष्पांजलि अर्पित की, जिसके बाद विधान सभा सदन में उनके चित्रों का अनावरण किया गया, जो भारत की संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक विरासत को समर्पित एक गरिमामयी श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम के दौरान पत्रकार एवं इतिहासकार गुंजन अग्रवाल द्वारा लिखित कॉफी टेबल बुक “भारत माता” का विमोचन रक्षा मंत्री द्वारा किया गया। इसके उपरांत दोनों भारत रत्न विभूतियों के जीवन और योगदान पर आधारित डॉक्यूमेंट्री “संसदीय पथ के आलोक स्तंभ” का प्रदर्शन भी किया गया।

दिल्ली विधान सभा केवल एक भवन नहीं, बल्कि वह जीवंत संस्था है

इस मौके पर राजनाथ सिंह ने कहा कि जब राष्ट्र श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी मना रहा है, ऐसे समय में इस ऐतिहासिक सदन में अटल और महामना मालवीय के चित्रों का अनावरण विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधान सभा केवल एक भवन नहीं, बल्कि वह जीवंत संस्था है जहां विचार, विमर्श और संवाद के माध्यम से भारत की लोकतांत्रिक चेतना का विकास हुआ है। स्वतंत्रता से पूर्व ही सरदार विठ्ठलभाई पटेल, गोपाल कृष्ण गोखले, मोतीलाल नेहरू और पंडित मदन मोहन मालवीय जैसे नेताओं ने इन्हीं लोकतांत्रिक मंचों पर भारत की वैचारिक आधारशिला रखी। यह अवसर केवल दो महान व्यक्तित्वों को श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि नैतिक राजनीति, शिक्षा आधारित राष्ट्र निर्माण, संसदीय गरिमा और जनसेवा जैसे शाश्वत मूल्यों की पुनः पुष्टि है।

दोनों भारत रत्न विभूतियां, का जन्म 25 दिसंबर को हुआ था

दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने इस दिन को विधानसभा के लिए गौरव और हर्ष का क्षण बताते हुए कहा कि दोनों भारत रत्न विभूतियां, जो 25 दिसंबर को जन्मी थीं , उन्हें 25 दिसंबर 2014 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संयुक्त रूप से भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री द्वारा चित्रों का अनावरण इस अवसर को ऐतिहासिक महत्व प्रदान करता है और दिल्ली विधान सभा से एक सशक्त राष्ट्रीय संदेश देता है।

महामना पंडित मदन मोहन मालवीय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए अध्यक्ष गुप्ता ने कहा कि आधुनिक भारत की आत्मा, दिशा और दृष्टि की कल्पना इनके योगदान के बिना संभव नहीं है। उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना में मालवीय की भूमिका तथा केंद्रीय और इंपीरियल विधान परिषद में उनके संसदीय योगदान का उल्लेख किया। अटल जी की लोकतांत्रिक संवेदनशीलता को स्मरण करते हुए उन्होंने एक व्यक्तिगत प्रसंग साझा किया, जो यह दर्शाता है कि अटल मानते थे कि शासन की शुरुआत समाज के गरीब, वंचित और पीड़ित वर्ग की चिंता से होनी चाहिए, एक ऐसा आदर्श जो आज भी सार्वजनिक नीति का मार्गदर्शन करता है।

दीवारों पर टंगे चित्र नहीं हैं, बल्कि भारत के वर्तमान और भविष्य के लिए मार्गदर्शक प्रकाश स्तंभ हैं

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “ये चित्र केवल विधानसभा की दीवारों पर टंगे चित्र नहीं हैं, बल्कि भारत के वर्तमान और भविष्य के लिए मार्गदर्शक प्रकाश स्तंभ हैं।” उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र निर्माण को समर्पित किया और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को कर्म में जिया। कॉफी टेबल बुक के विमोचन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और नीति निर्माताओं के लिए एक महत्वपूर्ण संदर्भ ग्रंथ सिद्ध होगी तथा विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु ऐसे महापुरुषों के आदर्शों का अनुसरण आवश्यक है।

इन चित्रों की स्थापना केवल अतीत को नमन नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। मालवीय और अटल बिहारी वाजपेयी की दृष्टि, समर्पण और सिद्धांत आज भी नागरिकों, विद्यार्थियों और नीति निर्धारकों का मार्गदर्शन करते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी विरासत को सेवा, ईमानदारी और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के माध्यम से आगे बढ़ाना प्रत्येक भारतीय का दायित्व है।

पत्रकार एवं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र ट्रस्ट के अध्यक्ष, पद्म भूषण श्री राम बहादुर राय ने कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन नैतिक संवेदनशीलता और लोकतांत्रिक मूल्यों का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने वर्ष 1968 की एक घटना का उल्लेख किया, जब जनसंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में अटल जी ने निलंबित कार्यकर्ता को न्याय दिलाने के लिए व्यक्तिगत हस्तक्षेप किया। उन्होंने महामना पंडित मदन मोहन मालवीय को भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी बौद्धिक, शैक्षिक और राष्ट्रीय विरासत आज भी भारत की सांस्कृतिक चेतना को दिशा दे रही है। ‘भारत माता’ की अवधारणा पर विचार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन से पूर्व और उसके दौरान राष्ट्र को एक सजीव नैतिक एवं सांस्कृतिक सत्ता के रूप में देखा गया जिसका सशक्त दस्तावेजीकरण हाल ही में विमोचित पुस्तक में किया गया है।

Sanjay Rai

sanjayrai.dj@gmail.com

संजय राय ने बीते 25 साल के प्रोफेशनल कैरियर में स्वास्थ्य, अपराध, शिक्षा, विकास समेत सभी बीट की कवरेज की है। दिल्ली सरकार, विधानसभा की कार्यवाही, भाजपा, कांग्रेस, आप सरीखे राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों को भी कवर किया है। कई सत्रों में संसद की कार्यवाही पर भी कलम चलाई है। फिलवक्त NewG India में बतौर सीनियर स्पेशल काॅरेस्पोंडेंट अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

https://x.com/DjSanjayrai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.