गुरुग्राम। भारतीय मूल की ऑस्ट्रेलियाई निवासी चारु चोपड़ा ने दुबई की छुट्टियों के दौरान हुए एक गंभीर हादसे के बाद भारत में सफल सर्जरी कराकर नई उम्मीद पाई है। अब वे स्वस्थ होकर ऑस्ट्रेलिया लौटने की तैयारी कर रही हैं।

चारु चोपड़ा 25 दिसंबर को अपने पति और दो बच्चों के साथ दुबई घूमने गई थीं। परिवार ने बुर्ज खलीफा और ग्लोबल विलेज जैसी प्रमुख जगहों का भ्रमण किया, जिसके बाद वे डेजर्ट सफारी के लिए रवाना हुए। इसी दौरान गाइड की सलाह पर चारु ने क्वाड बाइक चलाई, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह गिर पड़ीं।
हादसे के तुरंत बाद उन्हें दुबई के अल मंखूल अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच में कंधे में एक बड़ा और चार छोटे फ्रैक्चर पाए गए। डॉक्टरों ने सर्जरी की सलाह दी। इलाज को लेकर चारु के सामने दुबई में उपचार कराने या ऑस्ट्रेलिया लौटने का विकल्प था, लेकिन उन्होंने भारतीय चिकित्सा व्यवस्था पर भरोसा जताते हुए भारत आने का फैसला किया।
चारु के जीजा राजीव शर्मा ने तुरंत गुरुग्राम स्थित मैक्स अस्पताल से संपर्क किया। अगली सुबह चारु सीधे एयरपोर्ट से अस्पताल पहुंचीं। कई विकल्पों पर विचार के बाद परिवार ने वरिष्ठ ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. जतिंदर बीर सिंह जग्गी पर भरोसा जताया।
डॉ. जग्गी ने आपात स्थिति में जांच कर अगले ही दिन जटिल सर्जरी की, जिसमें प्लेट और स्क्रू लगाए गए। सफल ऑपरेशन के बाद चारु को मात्र एक दिन में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
चारु और उनके पति ने कहा कि इस अनुभव ने भारतीय डॉक्टरों और स्वास्थ्य व्यवस्था पर उनका विश्वास और मजबूत कर दिया है। वहीं, पूरे उपचार के दौरान जीजा राजीव शर्मा की तत्परता और सहयोग से चारु को समय पर सही इलाज मिल सका।



