वाराणसी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को खेल को राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश और उत्तर प्रदेश में एक “न्यू स्पोर्ट्स कल्चर” का उदय हुआ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज खेल सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि युवाओं के सर्वांगीण विकास और अनुशासन का माध्यम बन चुका है। मुख्यमंत्री यहाँ डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिगरा में 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली से वर्चुअली जुड़कर चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के बीच नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (NCOE) के संचालन के लिए एक महत्वपूर्ण एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए, जो प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण मंच प्रदान करेगा।
गांव से ग्लोबल मंच तक यूपी का डंका
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में खेलो इंडिया, फिट इंडिया और सांसद खेलकूद प्रतियोगिता जैसे अभियानों ने खेल के प्रति दृष्टिकोण बदला है। उन्होंने कहा, “आज यूपी का खिलाड़ी न केवल अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर रहा है, बल्कि ओलंपिक और कॉमनवेल्थ जैसे बड़े मंचों पर पहले के मुकाबले कई गुना अधिक पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ा रहा है।”
योगी आदित्यनाथ ने बुनियादी ढांचे पर चर्चा करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश के हर गांव में खेल के मैदान, हर विकास खंड में मिनी स्टेडियम और हर जनपद में आधुनिक स्टेडियम का निर्माण युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत वाराणसी के संपूर्णानंद स्टेडियम का कायाकल्प भी इसी विजन का हिस्सा है।
43 साल बाद यूपी को मिली मेजबानी
मुख्यमंत्री ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि लगभग 43 वर्षों के अंतराल के बाद उत्तर प्रदेश में सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन हो रहा है। उन्होंने काशी आए 58 टीमों (30 पुरुष और 28 महिला) के खिलाड़ियों, कोच और अधिकारियों का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने भरोसा जताया कि साई (SAI) के साथ हुआ नया समझौता प्रदेश के कोचों और खिलाड़ियों के लिए नई संभावनाएं खोलेगा।
के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री, परखा निशाना
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्टेडियम का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने जिम में उपकरणों के रखरखाव का जायजा लिया और अभ्यास कर रहे युवा खिलाड़ियों से बातचीत कर उनकी हौसलाअफजाई की। निरीक्षण के दौरान सीएम ने एक नन्हे शूटर को बुलाकर उससे खेल की बारीकियां पूछीं और बच्चे द्वारा लगाए गए अचूक निशाने की सराहना भी की।
गरिमामयी उपस्थिति:
समारोह में उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, महापौर अशोक तिवारी समेत कई सांसद, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



