बेतिया: बिहार में विधानसभा चुनाव की तैयारी में तमाम राजनीतिक दल जुट गए हैं। टिकट पाने के लिए नेता पार्टी दफ्तर का चक्कर लगा रहे हैं। इस बीच नरकटियागंज विस चुनाव में किन्नर की इंट्री हो गई है। इलाके की जानी-मानी किन्नर माया रानी ने विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। उनका कहना है कि यहां का जो विधायक है वो ठीक से काम नहीं किया। विधायक बनकर जनता की सेवा ईमानदारी से करना चाहती हैं।
किन्नरों ने रैली निकाली
किन्नर समाज की प्रमुख चेहरा माया रानी के नेतृत्व में किन्नरों ने बुधवार को रैली निकाली। बड़ी संख्या में नरकटियागंज पहुंचे किन्नर समुदाय के साथ-साथ नगर व ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं और पुरुषों ने माया रानी के समर्थन में रैली निकाली। गोपाला ब्रह्म स्थान से शुरू हुई यह रैली अस्पताल रोड, शिवगंज, शहीद चौक, बाजार होते हुए हरदिया और धूमनगर पहुंचकर सभा में तब्दील हो गई। रैली में बेतिया, मैनाताड़, गोपालगंज, गोरखपुर और सिवान से आई किन्नर रानियों ने नाचते-गाते माया रानी जिन्दाबाद, हिंदुस्तान जिन्दाबाद और नरकटियागंज जिन्दाबाद के नारे लगाए। भीड़ से उत्साहित माया रानी ने कहा कि समाज में किन्नरों की भी भागीदारी होनी चाहिए। वे घर-घर जाकर खुशियां देती हैं, लेकिन खुद उपेक्षित रहती हैं। अब वह खुशियों के बदले बदलाव और विकास की नेग मांग रही हैं। इस शक्ति प्रदर्शन ने साफ कर दिया कि विधानसभा चुनाव में माया रानी निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में पारंपरिक दिग्गज नेताओं को कड़ी चुनौती देंगी।



