दिल्ली के सभी छठ घाटों पर किए जा रहे हैं विशेष इंतजाम

छठ पूजा की तैयारियों को लेकर कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने की पूर्वांचल मोर्चा के साथ समीक्षा बैठक। बोले, दिल्ली में लगभग एक हजार से अधिक स्थानों पर छठ पर्व का होगा भव्य आयोजन।

Share This Article:

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने ‘छठ पूजा 2025′ की तैयारियों को लेकर पूर्वांचल मोर्चा के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष संतोष ओझा और पूर्वांचल मोर्चा के अन्य सदस्यों ने भाग लिया। मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष दिल्ली में लगभग एक हजार से अधिक स्थानों पर छठ पर्व का आयोजन किया जाएगा, जो अब तक का सबसे व्यापक आयोजन होगा। कई वर्षों के बाद यमुना घाटों पर छठ पूजा का विशेष आयोजन किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

चार प्रमुख स्थानों पर विशेष भव्य आयोजन किए जाएंगे

उन्होंने बताया कि यमुना घाटों के अलावा द्वारका, हाथी घाट, पीतमपुरा और सोनिया विहार जैसे चार प्रमुख स्थानों पर विशेष रूप से भव्य आयोजन किए जाएंगे। दिल्ली के सभी छठ घाटों पर पूर्वांचल की लोक संस्कृति और परंपरा को बढ़ावा देने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग द्वारा दिल्ली के 200 से अधिक स्थानों पर कलाकारों को लोकगीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देने के लिए आमंत्रित किया गया है। घाटों पर भव्य स्वागत द्वार, छठी मैय्या और सूर्य भगवान की प्रतिमाओं के साथ आकर्षक विद्युत सजावट की जाएगी, ताकि वातावरण श्रद्धापूर्ण और उत्सवमय बने। कुछ प्रमुख स्थानों पर ‘मॉडल छठ घाट’ स्थापित किए जा रहे हैं, जो सजावट और सुविधाओं के दृष्टिकोण से उदाहरण प्रस्तुत करेंगे।

एनओसी की प्रक्रिया के लिए सिंगल विंडो क्लियरेंस सिस्टम लागू किया गया

मिश्रा ने बताया कि छठ घाटों की तैयारियों के लिए आवश्यक अनुमति और एनओसी की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए सिंगल विंडो क्लियरेंस सिस्टम लागू किया गया है, जैसा पूर्व में अन्य बड़े आयोजनों जैसे कांवड़ यात्रा, गणेशोत्सव, दुर्गा पूजा और रामलीला में किया गया था। प्रत्येक नगर निगम जोन में नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे जो व्यवस्थाओं के समन्वय और निगरानी का कार्य करेंगे। एमसीडी को निर्देश दिए गए हैं कि घाटों की नियमित सफाई के लिए पर्याप्त सफाई कर्मचारी तैनात किए जाएँ, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मंत्री कपिल मिश्रा ने छठ घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त संख्या में मोबाइल टॉयलेट वैन, एम्बुलेंस और फायर सेफ्टी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि सिचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग को घाटों पर सुरक्षा और बैरिकेडिंग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि फायर डिपार्टमेंट, एनडीएमसी और एमसीडी सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए सुबह के अर्घ्य के बाद नाश्ते और पेयजल की व्यवस्था करने के लिए भी संबंधित विभागों को निर्देश दिए।

छठ महापर्व पूर्वांचल की आस्था और संस्कृति का प्रतीक है

मंत्री कपिल मिश्रा ने आगे कहा कि छठ महापर्व पूर्वांचल की आस्था और संस्कृति का प्रतीक है। दिल्ली सरकार का उद्देश्य है कि यह पर्व न केवल श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया जाए, बल्कि यह दिल्ली की सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक एकता का भी उत्सव बने। पूर्वांचल की परंपरा को सम्मान और विस्तार देना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है।

Sanjay Rai

sanjayrai.dj@gmail.com

संजय राय ने बीते 25 साल के प्रोफेशनल कैरियर में स्वास्थ्य, अपराध, शिक्षा, विकास समेत सभी बीट की कवरेज की है। दिल्ली सरकार, विधानसभा की कार्यवाही, भाजपा, कांग्रेस, आप सरीखे राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों को भी कवर किया है। कई सत्रों में संसद की कार्यवाही पर भी कलम चलाई है। फिलवक्त NewG India में बतौर सीनियर स्पेशल काॅरेस्पोंडेंट अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

https://x.com/DjSanjayrai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.