संभल में डेमोग्राफी बदलने के लिए सपा-कांग्रेस ने रची साजिश : योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा जो भी प्रदेश की डेमोग्राफी बदलने का प्रयास करेगा, उसे स्वयं पलायन करना होगा

Share This Article:

प्रतापगढ़: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभल में 2024 की हिंसा पर आई न्यायिक आयोग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के शासनकाल में चुन-चुनकर हिंदुओं को निशाना बनाया गया। उस वक्त हिन्दुओं की जनसांख्यिकी को कम करके डेमोग्राफी बदलने की साजिशें रची गईं। आज डबल इंजन की सरकार किसी भी कीमत पर ऐसी विभाजनकारी राजनीति नहीं होने देगी। जो भी प्रदेश की डेमोग्राफी बदलने का प्रयास करेगा, उसे स्वयं पलायन करना होगा। वे प्रतापगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे।

इस अवसर पर उन्होंने 570 करोड़ रुपये की 186 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यस किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को देखकर विपक्ष बौखला गया है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का इंडी गठबंधन वास्तव में एंटी इंडिया गठबंधन है। यह गठबंधन भारत की आन-बान-शान से खिलवाड़ करता है और देश को जाति-धर्म के आधार पर बांटने का काम करता है। सीएम योगी ने कहा कि जब-जब इन्हें सत्ता मिली, तब-तब इन्होंने माफिया को बढ़ावा दिया, गुंडागर्दी करवाई और गरीबों का हक छीना। अब जब जनता ने इन्हें नकार दिया है।

प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के सबसे अधिक लोकप्रिय नेता, इन पर अभद्र टिप्पणी सूरज पर थूकने जैसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और प्रदेश में विकास कार्यों को देखकर विपक्ष बौखला गया है। सीएम योगी ने हाल ही में बिहार में इंडिया गठबंधन की रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां पर की गई अभद्र टिप्पणियों को विपक्ष की हताशा का नतीजा बताते हुए कहा कि ऐसे लोग राजनीति में जगह के लायक नहीं हैं। इन लोगों को समझना चाहिए भारत के प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं और उनके प्रति अपशब्दों का प्रयोग करने का मतलब सूरज पर थूकने जैसा है। यह थूक इनके ऊपर आ रहा है। इन लोगों की भाषा से आज 140 करोड़ भारतवासी अपने आपको अपमानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब तुष्टिकरण नहीं संतुष्टीकरण के माध्यम से सशक्तिकरण की तरफ हम लोग आगे बढ़ रहे हैं, इसलिए 8 वर्ष में 6 करोड लोगों को गरीबी रेखा से उभारने में मदद मिली।

डबल इंजन की सरकार ने खत्म किया माफियाराज

सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने आज माफिया संस्कृति को खत्म कर प्रदेश को विकास की राह पर ला दिया है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने हर जिले को एक माफिया दिया था, जो लूट-खसोट करता था, विकास योजनाओं में डकैती डालता था और गरीबों के हक छीनता था। लेकिन डबल इंजन की सरकार ने माफिया को खत्म कर वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट और वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज दिया है। सीएम योगी ने कहा कि आज प्रतापगढ़ का आंवला का उत्पादन अब दुनिया भर में पहुंच रहा है, सोनेलाल पटेल मेडिकल कॉलेज बन चुका है और गंगा एक्सप्रेसवे जैसी कनेक्टिविटी परियोजनाएं विकास को गति दे रही हैं। प्रतापगढ़ आज विकास के नए प्रतिमान गढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां के किसानों ने आंवला की खेती से प्रदेश को नई पहचान दी है, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने देश की आजादी में योगदान दिया और स्थानीय उत्पाद जैसे रसमलाई की मिठास घर-घर पहुंच रही है। मां बेल्हा देवी की कृपा से प्रतापगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है। सीएम योगी ने कहा कि 263 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और 306 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। उन्होंने कहा कि यह विकास का मूर्त रूप है, जो स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और उद्यमिता को मजबूत कर रहा है।

बेटी की इज्जत पर हाथ डालने वाले को अगले चौराहे पर यमराज इंतजार करेगा

महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा पर जोर देते हुए सीएम ने कहा कि सरकार ने माफिया मुक्त प्रदेश बनाया है। बेटी की इज्जत पर हाथ डालने वाले को अगले चौराहे पर यमराज इंतजार करेगा। हालिया पुलिस भर्ती में 60,244 पदों पर भर्ती का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस भर्ती में 12,000 से अधिक बेटियां शामिल हुईं। महिला एवं बाल विकास विभाग में 2,425 मुख्य सेविकाओं की भर्ती भी बेटियों को सशक्त करने की दिशा में कदम है। उन्होंने कहा कि आज “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगला और सामूहिक विवाह योजना जैसे कार्यक्रमों से बेटियां आत्मनिर्भर बन रही हैं।

प्रदेश के हर कमिश्नरी में स्पोर्ट्स कॉलेज बनेगा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेजर ध्यानचंद की जयंती का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने उनके नाम पर खेल रत्न पुरस्कार दिया, हम मेरठ में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल की प्रतिभा को निखारने के लिए आने वाले दिनों में प्रदेश के हर कमिश्नरी में स्पोर्ट्स कॉलेज बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रतापगढ़ में स्टेडियम और स्मार्ट सिटी जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

सीएम योगी ने किया मां बेल्हा देवी का दर्शन

प्रतापगढ़ दौरे के दौरान सीएम योगी ने सुप्रसिद्ध बेल्हा देवी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर परिसर का अवलोकन किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार के लिए अधिकारियों के दिशा-निर्देश दिए।

ये लोग रहे उपस्थित

इस अवसर पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह, राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य, विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य, एमएलसी डॉ. महेंद्र कुमार सिंह, उमेश द्विवेदी, पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता, पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह, शिवाकांत ओझा समेत कई जनप्रतिनिधि व अधिकारीगण मौजूद रहे।

Sanjay Rai

sanjayrai.dj@gmail.com

संजय राय ने बीते 25 साल के प्रोफेशनल कैरियर में स्वास्थ्य, अपराध, शिक्षा, विकास समेत सभी बीट की कवरेज की है। दिल्ली सरकार, विधानसभा की कार्यवाही, भाजपा, कांग्रेस, आप सरीखे राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों को भी कवर किया है। कई सत्रों में संसद की कार्यवाही पर भी कलम चलाई है। फिलवक्त NewG India में बतौर सीनियर स्पेशल काॅरेस्पोंडेंट अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

https://x.com/DjSanjayrai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.