वैशालीः बिहार के वैशाली जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता मिली है। गंगाब्रिज थाना पुलिस ने CISF (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) की मदद से गुप्त सूचना के आधार पर महात्मा गांधी सेतु के पाया नंबर छह के पास छापेमारी कर 296 ग्राम स्मैक और ₹2.65 लाख नगद के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ₹59 लाख 20 हजार बताई जा रही है। हालांकि, इस कार्रवाई के दौरान पांच आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से बरामद नगद और नशे के पदार्थ को जब्त कर लिया है।
CISF और पुलिस की संयुक्त छापेमारी
सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद पुलिस और CISF बल की संयुक्त टीम द्वारा लगातार सघन जांच और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गंगाब्रिज थाना को सूचना मिली थी कि गांधी सेतु पाया नंबर 6 के पास मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त हो रही है। सूचना की पुष्टि के बाद सदर डीएसपी के नेतृत्व में दंडाधिकारी, स्थानीय पुलिस और CISF टीम ने छापेमारी की। इसी दौरान चंदन कुमार नाम के एक व्यक्ति को स्मैक और ₹2,65,190 नगद के साथ गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी ने किया बड़ा खुलासा
पूछताछ में आरोपी चंदन कुमार ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ मिलकर स्मैक की तस्करी करता है। उसने पुलिस को बताया कि यह स्मैक खिलवत कटरिया मंदिर (बिदुपुर) के पास भुखल राय से खरीदी गई थी। आरोपी ने स्वीकार किया कि बरामद नकद उसी दिन बेचे गए माल की रकम है।
यह भी पढ़ेंः मद्य निषेध व उत्पाद विभाग की बड़ी उपलब्धि, विदेशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
मौके से पांच आरोपी फरार
इस तस्करी गिरोह से जुड़े पांच अन्य लोग हरेंद्र राय, रविंद्र राय, कुंदन कुमार, अनिल कुमार और नागेंद्र राय मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इनके खिलाफ गंगाब्रिज थाना कांड संख्या 164/25 के तहत NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सदर एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है और बाकी फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि इस कार्रवाई में शामिल सभी अधिकारियों और जवानों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा।



