पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले जेडीयू (JDU) को एक बड़ा झटका लगने जा रहा है। पूर्णिया के पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा आज औपचारिक रूप से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की सदस्यता ग्रहण करेंगे। सूत्रों के अनुसार, वे आज दोपहर 3 बजे पटना में लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव की उपस्थिति में पार्टी में शामिल होंगे।
धमदाहा से लड़ेंगे चुनाव, लेशी सिंह से होगी सीधी टक्कर
सूत्रों का कहना है कि RJD में शामिल होने के बाद संतोष कुशवाहा को धमदाहा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया जा सकता है, जहां वर्तमान में JDU की लेशी सिंह विधायक हैं। धमदाहा की यह लड़ाई इस बार बेहद रोचक और हाई-प्रोफाइल होने वाली है> एक तरफ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की करीबी लेशी सिंह, तो दूसरी तरफ पूर्व सांसद और अब RJD के नए चेहरे संतोष कुशवाहा।
नाराजगी और उपेक्षा बनी वजह
संतोष कुशवाहा लंबे समय से JDU में उपेक्षा का शिकार महसूस कर रहे थे। उन्हें पार्टी की किसी समिति में शामिल नहीं किया गया, और टिकट बंटवारे में भी उनका नाम इस बार पिछले चुनावों की तरह अनदेखा किया गया। इस नाराजगी के कारण उन्होंने JDU से किनारा करने का फैसला लिया।
RJD में शामिल होने से सीमांचल में नया समीकरण
संतोष कुशवाहा का RJD में शामिल होना सीमांचल की सियासत में बड़ा बदलाव ला सकता है। पूर्णिया, अररिया और कटिहार क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ है, जो RJD को चुनावी तौर पर बड़ा लाभ पहुंचा सकती है।
यह भी पढ़ेंः जन सुराज में टिकट की घोषणा के बाद इस्तीफों की झड़ी
आज 3 बजे होगा औपचारिक कार्यक्रम
पार्टी सूत्रों के अनुसार, आज दोपहर 3 बजे पटना में RJD मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव की उपस्थिति में संतोष कुशवाहा औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता लेंगे। इस कार्यक्रम में सीमांचल के कई पूर्व जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
बिहार चुनाव से ठीक पहले यह घटना JDU के लिए बड़ा झटका साबित हो सकती है। धमदाहा सीट पर लेशी सिंह और संतोष कुशवाहा के बीच की टक्कर अब ‘नीतीश कुमार बनाम तेजस्वी यादव’ की सीधी सियासी जंग में बदल चुकी है।



