पटना: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी में विवाद खड़ा हो गया है। सोनपुर विधानसभा सीट से पार्टी द्वारा घोषित उम्मीदवार डॉ. चंदन लाल मेहता को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त नाराजगी देखने को मिल रही है। नाराज नेताओं ने इस्तीफे की झड़ी लगा दी है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, टिकट की घोषणा होते ही जन सुराज की सोनपुर इकाई के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने पार्टी से इस्तीफ़ा दे दिया है। इन नेताओं का आरोप है कि एक विवादित और खराब छवि वाले व्यक्ति को उम्मीदवार बनाकर पार्टी ने अपनी साख को खुद नुकसान पहुंचाया है।
डॉ. चंदन मेहता पर कई गंभीर आरोप
जानकारी के अनुसार, डॉ. चंदन लाल मेहता के खिलाफ कई मामले पहले से लंबित हैं। बताया जा रहा है कि वे अवैध गर्भपात (illegal abortion) से जुड़े एक पुराने केस में भी चर्चा में रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इन मामलों के दस्तावेज और प्रमाण लेकर जन सुराज के प्रधान कार्यालय, शेखपुरा हाउस (पटना) में आज सुबह विरोध दर्ज कराया।
बैनर-होर्डिंग विवाद भी सामने आया
इस बीच, बिना अनुमति के सोनपुर में होर्डिंग और बैनर लगाने को लेकर भी विवाद बढ़ गया है।
चुनाव आयोग तक इस मामले की शिकायत पहुंची है।
स्थानीय स्तर पर अधिकारियों ने इसकी जांच शुरू कर दी है।
कार्यकर्ताओं ने जताई नाराजगी
जन सुराज के स्थानीय नेताओं का कहना है कि प्रशांत किशोर ने हमेशा साफ-सुथरी राजनीति की बात की, लेकिन ऐसे व्यक्ति को टिकट देकर उस विचारधारा को ठेस पहुंची है। पार्टी के अंदर इस फैसले को लेकर मंथन की स्थिति बन गई है और उम्मीद है कि आने वाले दिनों में जन सुराज की ओर से इस पर आधिकारिक बयान दिया जाएगा। फिलहाल सोनपुर सीट पर जन सुराज की मुश्किलें फिलहाल बढ़ती दिख रही हैं जहां एक ओर कार्यकर्ताओं का गुस्सा खुलकर सामने आ रहा है, वहीं विरोधियों ने भी इसे “PK की स्वच्छ राजनीति पर दाग” बताकर निशाना साधना शुरू कर दिया है।



