कटिहार: बिहार में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। एनडीए गठबंधन के घटक दल हर सीट पर अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं। इसी कड़ी में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 सितंबर को पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन और जनसभा को लेकर कटिहार में आयोजित जिलास्तरीय समीक्षात्मक बैठक के दौरान एक अनोखा नजारा देखने को मिला। बैठक के समाप्त होने के तुरंत बाद जनता दल यूनाइटेड JD(U) के दो गुटों ने नेताओं की गाड़ियों को घेर लिया और टिकट बांटवारे की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी।
एक अनार-सौ बीमार
यह घटना मनिहारी विधानसभा क्षेत्र के समर्थकों के बीच टिकट की होड़ को दर्शाती है, जहां एक अनार सौ बीमार वाली स्थिति नजर आई। बैठक में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह), JD(U) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
बैठक कटिहार के टाउन हॉल में आयोजित की गई थी, जहां अंदर विकास योजनाओं और पीएम के दौरे की तैयारियों पर चर्चा हो रही थी। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने पीएम मोदी को दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता बताते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के तहत बिहार में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कार्यकर्ताओं को पीएम की सभा में बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया और कहा कि एनडीए हर स्तर पर जनता से जुड़ने के लिए तत्पर है। JD(U) नेता संजय झा ने भी पूर्णिया एयरपोर्ट को सीमांचल के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कार्यकर्ताओं से अपील की। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज राय, JD(U) जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश राय, लोजपा (रा) की जिलाध्यक्ष संगीता देवी सहित विधायक, विधान पार्षद और जिलाध्यक्ष उपस्थित रहे।
इसको भी पढ़ें: कांग्रेस ने कहा- तेजस्वी यादव सीएम फेस नहीं, जनता तय करेगी बिहार का मुख्यमंत्री
बैठक के बाद हंगामा
बैठक समाप्त होते ही हॉल के बाहर हंगामा मच गया। मनिहारी विधानसभा क्षेत्र के समर्थक अपने-अपने नेताओं के पक्ष में जिंदाबाद के नारे लगाते हुए नेताओं की गाड़ियों को घेर लिए। JD(U) के दो गुटों के बीच टिकट की मांग को लेकर यह शक्ति प्रदर्शन हुआ, जो चुनावी मोड में आने वाले बिहार की राजनीति की तस्वीर पेश करता है। प्रदर्शनकारियों ने अपनी दावेदारी पेश करते हुए खुद को जनता का सच्चा प्रतिनिधि बताया। इस दौरान दो प्रमुख बाइट्स सामने आए।
मनिहारी की नेता वंदना सिंह ने कहा, हमारे नेता को टिकट मिलना चाहिए, क्योंकि उन्होंने हमेशा जनता की सेवा की है। एनडीए को हमारी मांग पर विचार करना होगा।
राजशेखर ने जोर देकर कहा, यह हमारा हक है। हमने पार्टी के लिए समर्पित जीवन जिया है, टिकट न मिला तो हम चुप नहीं बैठेंगे।
मुकेश उरांव ने बताया कि सभी ने अपनी दावेदारी पेश की और खुद को जनता का सच्चा प्रतिनिधि बताया। यह घटना टाउन हॉल की दो तस्वीरों से स्पष्ट होती है। एक अंदर बैठक की, जहां समीक्षा चल रही थी, और दूसरी बाहर प्रदर्शन की, जहां गाड़ियां घिरी हुई थीं।
बिहार में एनडीए सूबे की लगभग हर विधानसभा सीट पर कार्यकर्ता सम्मेलन, समीक्षात्मक बैठकें और अन्य कार्यक्रम चला रही है। लेकिन चुनाव तारीखों के ऐलान से पहले ही हर सीट पर टिकट के लिए हो रही यह सिर फुटौव्वल, नारेबाजी और समर्थकों का शक्ति प्रदर्शन बता रहा है कि सभी दल चुनावी मोड में आ चुके हैं। एनडीए नेता लालू-तेजस्वी पर निशाना साधते हुए कह रहे हैं कि डबल इंजन सरकार के बिना बिहार का यह विकास संभव नहीं था।



