नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने आज लोकसभा में मास्टर प्लान को शीघ्र नोटिफाई करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान के लागू न होने के कारण दिल्ली का विस्तार अनियोजित तरीके से हो रहा है। इससे मूलभूत सुविधाओं पर बोझ बढ़ रहा है और प्रदूषण में भी वृद्धि हो रही है।
बिधूड़ी ने शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि मास्टर प्लान नोटिफाई होने में पहले ही पांच वर्ष की देरी हो चुकी है। वर्ष 2041 का मास्टर प्लान 2021 में लागू हो जाना चाहिए था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया जा सका है। उन्होंने कहा कि इसी कारण लैंड पूलिंग पॉलिसी और जीडीए पॉलिसी भी लागू नहीं हो पा रही हैं। कृषि भूमि पर अवैध कॉलोनियां बस रही हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि मास्टर प्लान लागू होने के बाद ही ये दोनों नीतियां प्रभावी हो पाएंगी, जिससे किसानों को उनकी जमीन का उचित मुआवजा मिलेगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, दिल्ली सरकार का राजस्व बढ़ेगा, दिल्ली स्लम बनने से बचेगी और अवैध निर्माण के माध्यम से हो रहा भ्रष्टाचार भी रुकेगा।
यह भी पढ़ेंः संसद में जोरदार हंगामा, स्वास्थ्य पर 8% GDP खर्च का दबाव
बिधूड़ी ने आगे कहा कि मास्टर प्लान लागू होने से ही अवैध कॉलोनियों के लिए भवन उपविधियां (बिल्डिंग बायलॉज) बन पाएंगे। मास्टर प्लान के अभाव में अवैध निर्माण के कारण बिजली, पानी, सड़क जैसी सुविधाओं पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है और दिल्ली दुनिया की सबसे प्रदूषित राजधानी बन गई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के योजनाबद्ध विकास के लिए मास्टर प्लान का जल्द लागू होना अत्यंत आवश्यक है।



