नई दिल्ली। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। साउथ अफ्रीका अपनी टीम पहले ही घोषित कर चुका है। भारतीय टी20 स्क्वॉड में सबसे बड़ी खबर ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की वापसी है, जो एशिया कप में चोटिल होने के बाद पहली बार टीम से जुड़ रहे हैं। शुभमन गिल फिट होकर लौटे हैं और उन्हें उपकप्तान बनाया गया है। हालांकि, गिल की उपलब्धता फिलहाल बीसीसीआई के COE से मिलने वाली अंतिम फिटनेस क्लियरेंस पर निर्भर करेगी। गिल को कोलकाता में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच के दौरान गर्दन में चोट लगी थी।
सूर्यकुमार यादव को टीम की कमान
टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों के लिहाज से यह सीरीज बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। चयनकर्ताओं का मानना है कि इस सीरीज में चुने गए खिलाड़ियों में से ही आगे वर्ल्ड कप टीम की मुख्य रूपरेखा तय होगी। टीम इंडिया की कमान सूर्यकुमार यादव को दी गई है, जबकि युवा बल्लेबाज शुभमन गिल उपकप्तान होंगे।
भारत का T20 स्क्वाड:
टीम इंडिया के टी20 स्क्वॉड में सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा और संजू सैमसन (दोनों विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा और वॉशिंगटन सुंदर को जगह दी गई है। हार्दिक पंड्या अपनी फिटनेस को लेकर लंबे समय से चर्चाओं में थे, लेकिन हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में पंजाब के खिलाफ 42 गेंदों में 77 रन की तूफानी पारी खेलकर उन्होंने जबरदस्त वापसी का संकेत दिया था।
साउथ अफ्रीका का T20 स्क्वाड:
दूसरी ओर, साउथ अफ्रीका ने भी इस दौरे के लिए संतुलित टी20 टीम चुनी है। एडेन मार्करम टीम की कमान संभालेंगे, जबकि क्विंटन डिकॉक, डेविड मिलर, एनरिक नॉर्किया और लुंगी एंगिडी जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को जगह दी गई है। टीम में डेवाल्ड ब्रेविस, टोनी डी जोरजी और ट्रिस्टन स्टब्स जैसे युवा खिलाड़ियों से भी दमदार प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। साउथ अफ्रीका का घोषित स्क्वॉड एडेन मार्करम (कप्तान), ओटनील बार्टमैन, कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, क्विंटन डिकॉक, टोनी डी जोरजी, डोनोवन फरेरा, रीजा हेंड्रिक्स, मार्को जानसेन, जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, क्वेना मफाका, डेविड मिलर, लुंगी एंगिडी, एनरिक नॉर्किया और ट्रिस्टन स्टब्स से मिलकर बना है।
यह भी पढ़ेंः ‘गायरोमॉर्फ्स’: बिजली नहीं, अब रोशनी से चलेगा कंप्यूटर
भारत-साउथ अफ्रीका टी20 सीरीज की शुरुआत 9 दिसंबर से होगी। पहला मुकाबला कटक में खेला जाएगा। इसके बाद 11 दिसंबर को दूसरा मैच मुल्लांपुर (न्यू चंडीगढ़), तीसरा मैच 14 दिसंबर को धर्मशाला, चौथा 17 दिसंबर को लखनऊ और आखिरी टी20 मुकाबला 19 दिसंबर को अहमदाबाद में आयोजित किया जाएगा। यह पूरी सीरीज दोनों टीमों के लिए वर्ल्ड कप तैयारियों की एक अहम परीक्षा साबित होगी।



