नई दिल्ली। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ की दूसरी किस्त जारी कर दी है, जिसके तहत 7 लाख 1 हजार 965 लाभार्थी महिलाओं के खातों में लगभग 148 करोड़ रुपये की राशि सीधे स्थानांतरित की गई। मुख्यमंत्री नई दिल्ली में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे, जहां सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब योजना की किस्त हर तीन माह के अंतराल पर जारी की जाएगी ताकि महिलाओं को समयबद्ध और समेकित आर्थिक सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के सामाजिक सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री सैनी ने जानकारी दी कि 25 सितंबर को ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी’ ऐप लॉन्च किया गया था और 1 नवंबर को पात्र महिलाओं को पहली किस्त जारी की गई। 30 नवंबर तक इस ऐप पर 9 लाख से अधिक महिलाओं ने आवेदन किया, जिनमें से 7 लाख 1 हजार 965 पात्र पाई गई हैं। इनमें से 5 लाख 58 हजार से अधिक महिलाओं ने आधार केवाईसी पूरी कर ली है जबकि 1 लाख 43 हजार से अधिक आवेदनों का वेरिफिकेशन अब भी लंबित है। उन्होंने अपील की कि जिन महिलाओं का केवाईसी अधूरा है, वे इसे तुरंत पूरा करें ताकि उन्हें भी योजना का लाभ मिल सके।
सैनी ने बताया कि योजना में 23 वर्ष या उससे अधिक आयु की वे महिलाएं पात्र हैं जिनके परिवार की वार्षिक आय एक लाख रुपये से कम है। इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि परिवार की सभी पात्र महिलाएं इससे लाभान्वित हो सकती हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और ऑनलाइन है, जिसे ‘लाडो लक्ष्मी मोबाइल ऐप’ के माध्यम से आसानी से पूरा किया जा सकता है। आवेदन के बाद 24 से 48 घंटों के भीतर वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी कर पात्र महिलाओं को एसएमएस के जरिए सूचित किया जाता है और उन्हें लाइव फोटो अपलोड कर ई-केवाईसी पूरा करने को कहा जाता है।
यह भी पढ़ेंः दिल्ली में मास्टर प्लान शीघ्र किया जाए नोटिफाई: बिधूड़ी
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना को महिलाओं से काफी अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है और प्रतिदिन 3 से 4 हजार नए आवेदन दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करती है बल्कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ की भावना को भी साकार करती है। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि हर घर–हर गृहिणी योजना के तहत 15 लाख से अधिक महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है, किडनी रोगियों को मुफ्त डायलिसिस सुविधा दी जा रही है और हरियाणा देश का पहला राज्य है जो किसानों की फसलों की खरीद पूर्ण रूप से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कर रहा है।



