नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार अभियान तेज है। एनडीए खेमे से पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, सीएम नीतीश कुमार समेत कई दिग्गज नेता मोर्चा संभाले हुए हैं। वहीं महागठबंधन में देखें तो तेजस्वी यादव एक्टिव हैं लेकिन अकेले हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी अब तक प्रचार से दूरी बनाये हुए हैं। राहुल आखिरी बार आज से 2 महीने पहले सितम्बर में बिहार गए थे। राहुल को लेकर उठ रहे तमाम सवालों के बीच कांग्रेस ने कल स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की।
कल से प्रियंका का चुनाव प्रचार
इस लिस्ट के मुताबिक कल यानी छठ के पारण से प्रियंका गांधी चुनाव के लिए प्रचार करना शुरू कर देंगी। प्रियंका कल बेगूसराय में होंगी, जहां बछवाड़ा में उनकी सभा होनी है। राहुल को लेकर कहा जा रहा कि वो 29 अक्टूबर से प्रचार के लिए आ सकते हैं। तेजस्वी यादव इधर अकेले रोज 3 से 4 सभा कर रहे हैं। कांग्रेस की तरफ से जो स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की गई, उसमें सोनिया गांधी का नाम भी शामिल हैं। इसके अलावा इस लिस्ट में मल्लिकार्जुन खरगे, कन्हैया कुमार, अशोक गहलोत, मीरा कुमार, पवन खेड़ा जैसे नेता हैं।
लिस्ट में शामिल नाम
कांग्रेस द्वारा जारी सूची में सुखविंदर सिंह सुक्खू, भूपेश बघेल, दिग्विजय सिंह, अधीर रंजन चौधरी, इमरान प्रतापगढ़ी, शकील अहमद, जीतू पटवारी, सुखदेव भगत, राजेश कुमार राम, शकील अहमद खान, मदन मोहन झा, कृष्ण अल्लावरु, सचिन पायलट, रणदीप सिंह सुरजेवाला, सैयद नासिर हुसैन, चरणजीत सिंह चन्नी, गौरव गोगोई, तारिक अनवर, डॉ. मो. जावेद, अखिलेश प्रसाद सिंह, मनोज राम, अलका लांबा, अजय राय, जिग्नेश मेवाणी, रंजीत रंजन, राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, अनिल जयहिन्द, राजेंद्र पाल गौतम, फुरकान अंसारी, उदय भानु चिब और सुबोधकांत सहाय का नाम भी शामिल हैं।
ये भी पढ़ें-छठ महापर्व पर नीतीश-चिराग ने लिखी सियासत की नई इबारत!
गायब थे राहुल
चुनाव की घोषणा से पहले, राहुल गांधी ने तेजस्वी यादव के साथ मिलकर बिहार में मतदाता अधिकार यात्रा शुरू की थी। इस यात्रा के ज़रिए राहुल ने सरकार पर हमला बोला और वोट चोरी समेत कई गंभीर आरोप लगाए। हालाँकि, सरकार ने इन आरोपों को निराधार बताया। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राहुल चुनाव आयोग पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। इसी यात्रा के दौरान राहुल ने SIR का मुद्दा भी उठाया। हालांकि, वोटर अधिकार यात्रा के बाद से राहुल बिहार नहीं आए हैं। अभी भी यह स्पष्ट नहीं है कि राहुल बिहार की किन सीटों पर प्रचार करेंगे।



