नवगछिया। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियों के बीच सोमवार को नवगछिया में एक हृदयविदारक घटना सामने आई। इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंगा घाट बनाने के दौरान चार बच्चे गंगा नदी में डूब गए, जिनकी मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब बच्चे घाट निर्माण में मदद कर रहे थे। अचानक पैर फिसलने से वे गहरे पानी में चले गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत बचाव अभियान चलाया और नदी में उतरकर बच्चों को बाहर निकाला।
डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित किया
बच्चों को तत्काल इस्माइलपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिली है कि डूबे बच्चों में एक नवटोलिया और तीन छोटू सिंह टोला के बताए जा रहे हैं। हालांकि, अभी तक उनकी आधिकारिक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
छठ की तैयारियों के बीच मातम
इस दर्दनाक हादसे की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। छठ पर्व की तैयारियों में जुटे लोगों के बीच मातम का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि घाटों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा न हों।
इस्माइलपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। छठ पर्व के दौरान हर साल हजारों लोग गंगा घाटों पर जुटते हैं। इस बीच घाट निर्माण के समय लापरवाही या सुरक्षा की कमी से ऐसी दुर्घटनाएं बड़ी चिंता का विषय बनती जा रही हैं।



