पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार शाम बिहार की राजधानी पटना में एक भव्य रोड शो किया, जो जनता के उत्साह और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ। आरा और नवादा में रैलियों को संबोधित करने के बाद पीएम मोदी पटना हवाई अड्डे पहुंचे और वहां से सीधे दिनकर गोलंबर गए। यहां उन्होंने कवि रामधारी सिंह दिनकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और इसके बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रचार रथ पर सवार होकर रोड शो शुरू किया।
पटना की 14 विधानसभाओं को साधने की कोशिश
पीएम मोदी ने फूलों से सजी गाड़ी से 2.8 किमी का लंबा रोड शो दिनकर चौक से शुरू होकर 40 मिनट तक चला, जो उद्योग भवन पहुंच कर खत्म हुआ। इस दौरान पीएम ने पटना की जनता का हाथ में पार्टी सिंबल कमल का फूल लेकर हाथ जोड़ कर अभिवादन किया। कुछ लोग घर की छत से पीएम की आरती उतारते नजर आए, कई जगह फूलों की बारिश कर उनका स्वागत हुआ। ‘मोदी जिंदाबाद’ के नारे लगे। गाड़ी में PM मोदी के साथ केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, सांसद रविशंकर प्रसाद, मंत्री नितिन नवीन, दानापुर से प्रत्याशी रामकृपाल यादव रथ पर मौजूद रहे। इस रोड शो के जरिए पीएम मोदी पटना की 14 विधानसभा को साधने की कोशिश है।
रोड शो का रूट और माहौल
रोड शो का रूट दिनकर गोलंबर से शुरू होकर नाला रोड, बारी पथ, ठाकुरबाड़ी रोड, बाकरगंज होते हुए गांधी मैदान के समीप उद्योग भवन तक था। इस दौरान सड़क के दोनों ओर भारी भीड़ उमड़ी, जो प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए उत्साहित नजर आई। सड़क के किनारे बैरिकेडिंग की गई थी और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद थी। रास्ते में जबरदस्त लाइटिंग की व्यवस्था की गई थी, जिससे इमारतें रोशनी से जगमगा रही थीं। जगह-जगह मंच सजाए गए थे, जहां छठ गीत, लोक प्रस्तुतियां और सांस्कृतिक झांकियों ने माहौल को और जीवंत बना दिया।
यह भी पढ़ेंः महागठबंधन का घोषणा पत्र झूठ का दस्तावेज:पीएम मोदी
महिलाओं का उत्साह: आरती और स्वागत
रोड शो के दौरान घरों की छतों और बालकनियों पर खड़ी महिलाओं ने प्रधानमंत्री की आरती उतारी और उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने हाथ हिलाकर और प्रणाम करके उनका अभिवादन किया। यह दृश्य जनता और प्रधानमंत्री के बीच गहरे जुड़ाव को दर्शाता था। कड़ी सुरक्षा व्यवस्थाप्रधानमंत्री के रोड शो के लिए पटना में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। लगभग 5000 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी, जिसमें घरों की छतों पर भी सुरक्षाकर्मी मौजूद थे। हर गली में आईटीबीपी के जवान तैनात थे, और वाहनों को बैरिकेडिंग के आगे जाने की अनुमति नहीं थी। आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीमें भी मौके पर मौजूद थीं।



