नई दिल्ली। दिल्ली सरकार का शिक्षा निदेशालय दिल्ली खेल महाकुंभ में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रहा है। इसी क्रम में शनिवार को जनकपुरी के एसकेवी-ए ब्लॉक विद्यालय में वॉलीबाल पुरुष व महिला वर्ग का वॉलीबाल फाइनल मैच खेला गया। मुख्य अतिथि दिल्ली के शिक्षा और खेल मंत्री आशीष सूद ने ग्रैंड फिनाले में पहुंचे महिला एवम पुरुष वर्ग के सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी।
दिल्ली खेल महाकुंभ खिलाड़ियों का भविष्य संवारने की योजना की शुरुआत है
इस अवसर पर आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली खेल महाकुंभ केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि दिल्ली के खिलाड़ियों के भविष्य को मजबूत बनाने की दिल्ली सरकार की एक बड़ी योजना की शुरुआत है। दिल्ली खेल महाकुंभ 2026 के अंतर्गत आयोजित वॉलीबॉल फाइनल ने हमारे युवा खिलाड़ियों के अद्भुत समर्पण, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक की भावना को प्रदर्शित किया है। कोर्ट पर टीमों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए देखना बेहद प्रेरणादायक है। यह हमें याद दिलाता है कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, दृढ़ता और एकता की भावना को भी मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने के दौरान आयोजित इस खेल महाकुंभ में 23,000 से अधिक खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों में भाग लेने का अवसर मिला। इस प्रकार की पहल दिल्ली के युवाओं को सशक्त बनाती हैं और दिल्ली में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में दिल्ली सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम है।
खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है

मंत्री ने कहा कि दिल्ली में इस खेल प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि दिल्ली के खिलाड़ियों को भविष्य में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले समय में दिल्ली के खिलाड़ी नेशनल गेम्स, एशियाड, कॉमनवेल्थ गेम्स और ओलंपिक जैसे बड़े मंचों पर देश के लिए अधिक से अधिक पदक जीत कर भारत और दिल्ली का नाम रोशन करे।
खेल भावना के साथ आगे बढ़ते हुए वे दिल्ली और देश का नाम रोशन करें

उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन करते हुए कहा की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में गोल्ड, सिल्वर मेडल लाना एक दिन में नहीं होगा लेकिन एक दिन जरूर होगा। आप लोग निरंतर प्रेक्टिस और मेहनत कर अपने लिए बड़े लक्ष्य निर्धारित करें। दिल्ली सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएँ, अच्छे कोच और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों के साथ केवल एक प्रशासक के रूप में नहीं, बल्कि एक कोच और अभिभावक की तरह खड़ी रहेगी और उन्हें आगे बढ़ने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा। सूद ने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार का प्रयास है कि आने वाले वर्षों में राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी दिल्ली में हो और इसके लिए खेल बुनियादी ढांचे को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने सभी कोचों, स्टेडियम प्रभारियों और स्कूलों के खेल शिक्षकों से भी अपील की कि वे मिलकर ऐसा खेल वातावरण तैयार करें जिससे दिल्ली के युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अधिक से अधिक अवसर मिल सके। मंत्री ने सभी खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि खेल भावना के साथ आगे बढ़ते हुए वे दिल्ली और देश का नाम रोशन करें।



