नई दिल्ली। यात्रियों की बढ़ती संख्या और रेल मार्गों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए भारतीय रेल ने हैदराबाद केंद्रित रेल सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। वर्ष 2014 से अब तक पिछले 12 वर्षों में हैदराबाद, सिकंदराबाद, काचीगुड़ा और चर्लापल्ली टर्मिनलों से संचालित कुल 91 नई ट्रेन सेवाएं शुरू की गई हैं।
रेलवे ने यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुए तीन विशेष ट्रेनों को नियमित एक्सप्रेस सेवाओं में बदलने का निर्णय लिया है, जिससे तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और यात्रा सुविधा मिलेगी।
काचीगुड़ा-टुटिकोरिन एक्सप्रेस बनी नियमित सेवा
ट्रेन संख्या 07191/07192 काचीगुड़ा-मदुरै स्पेशल को अब 17165/17166 काचीगुड़ा-टुटिकोरिन एक्सप्रेस के रूप में नियमित किया गया है। यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार दोपहर 3 बजे काचीगुड़ा से रवाना होकर मंगलवार रात 10:45 बजे टुटिकोरिन पहुंचेगी। वापसी में बुधवार सुबह 7:45 बजे टुटिकोरिन से चलकर गुरुवार दोपहर 1:25 बजे काचीगुड़ा पहुंचेगी।
यह ट्रेन शादनगर, जडचर्ला, महबूबनगर, वनपर्थी रोड, गडवाल, कर्नूल सिटी, डोन, गुट्टी, अनंतपुर, धर्मावरम, कदिरि, मदनपल्ले रोड, पीलरू, पाकाला और चित्तूर स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
हैदराबाद-कन्याकुमारी एक्सप्रेस को नियमित किया गया
ट्रेन संख्या 07230/07229 हैदराबाद-कन्याकुमारी स्पेशल को अब 17069/17070 हैदराबाद-कन्याकुमारी एक्सप्रेस के रूप में नियमित किया गया है। यह ट्रेन हर बुधवार शाम 5:20 बजे हैदराबाद से रवाना होकर शुक्रवार तड़के 2:30 बजे कन्याकुमारी पहुंचेगी। वापसी में शुक्रवार सुबह 5:15 बजे कन्याकुमारी से चलकर शनिवार दोपहर 2:30 बजे हैदराबाद पहुंचेगी। यह ट्रेन सिकंदराबाद, चर्लापल्ली, नलगोंडा, मिर्यालगुड़ा, नडिकुड़ी, सत्तेनपल्ली, गुंटूर, तेनाली, चीराला, ओंगोल, नेल्लोर, गुडूर, रेनिगुंटा, तिरुपति, पाकाला और चित्तूर स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
चर्लापल्ली-शालीमार अमृत भारत एक्सप्रेस को भी नियमित सेवा
ट्रेन संख्या 07225/07226 चर्लापल्ली-शालीमार स्पेशल को अब 17065/17066 चर्लापल्ली-शालीमार अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में नियमित किया गया है। यह ट्रेन हर मंगलवार सुबह 7:15 बजे चर्लापल्ली से रवाना होकर बुधवार सुबह 11:20 बजे शालीमार पहुंचेगी। वापसी में बुधवार दोपहर 12:50 बजे शालीमार से चलकर गुरुवार शाम 7 बजे चर्लापल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन काज़ीपेट, वारंगल, महबूबाबाद, खम्मम, रायनापाडु, एलुरु, राजमुंद्री, सामर्लकोटा, तुनी, दुब्बाडा, विजयनगरम, श्रीकाकुलम रोड और पलासा स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
रेलवे विकास के लिए बड़े निवेश
केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने इन सेवाओं को नियमित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष 2014 से अब तक तेलंगाना को ₹36,286 करोड़ का रेलवे बजट मिला है और राज्य में ₹47,984 करोड़ के प्रोजेक्ट्स पर कार्य जारी है। ₹2,668 करोड़ की लागत से 40 रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं के साथ अमृत भारत रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा राज्य को तीन हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की स्वीकृति भी दी गई है। फिलहाल तेलंगाना से पांच वंदे भारत और चार अमृत भारत ट्रेनें संचालित हो रही हैं। रेलवे का लक्ष्य आने वाले समय में और आधुनिक सेवाएं शुरू कर यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधाएँ उपलब्ध कराना है।



