पटना: राजधानी पटना में राजनीतिक हलचल अपने चरम पर है। नई एनडीए सरकार के गठन को लेकर आज फैसला होने जा रहा है और राज्य की पूरी राजनीति इसी पल पर टिकी हुई है। जेडीयू की अहम बैठक में नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुन लिया गया है, जिसके बाद उनका मुख्यमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि नई सरकार में डिप्टी सीएम कौन होगा और किसे कौन-सा मंत्रालय मिलेगा।
मनोरमा देवी ने की नीतीश की तारीफ
विधानसभा दल की बैठक से पहले जेडीयू विधायक और बेलागंज से प्रतिनिधित्व करने वाली मनोरमा देवी ने नीतीश कुमार की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि आज का दिन बिहार के लिए बहुत खास है। महिलाओं के लिए किए गए कार्यों का उदाहरण वो खुद हैं और वे पिछड़े वर्ग से होने के बावजूद राजनीति में जिस ऊंचाई पर पहुंची हैं, उसमें नीतीश कुमार के प्रयासों की बड़ी भूमिका है। उन्होंने विश्वास जताया कि नीतीश कुमार सभी वर्गों के कल्याण के लिए पहले की तरह ही काम करते रहेंगे।
यह भी पढ़ेंः आजादी के बाद पहली बार काेई निर्दलीय नहीं जीता
इधर, बिहार में 17वीं विधानसभा आज आधिकारिक रूप से भंग हो जाएगी। नीतीश कैबिनेट ने दो दिन पहले ही मौजूदा विधानसभा को 19 नवंबर को भंग करने का फैसला किया था, जिसके बाद नई सरकार बनाने की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। उम्मीद है कि नीतीश कुमार द्वारा दावा पेश करने के बाद राज्यपाल उन्हें शपथ के लिए आमंत्रित करेंगे। इसी क्रम में 20 नवंबर को पटना के गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा, जो सुबह 11:30 बजे से शुरू होगा। इस ऐतिहासिक मौके को देखने के लिए राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में उत्सुकता बढ़ गई है।



