पटना: बिहार की राजनीति एक और ऐतिहासिक पल की ओर बढ़ रही है, जहां नीतीश कुमार 20 नवंबर को सुबह 11:30 बजे गांधी मैदान, पटना में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री शामिल होंगे।
बैठकों का दौर जारी
पटना में आज दिनभर बैठकों का दौरा जारी रहेगा। गृह मंत्री अमित शाह पहले बीजेपी विधायकों के साथ बैठक करेंगे। जेडीयू की बैठक में नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना गया है। शाम चार बजे एनडीए की संयुक्त बैठक होगी, जिसमें गठबंधन के सभी 202 विधायक शामिल होंगे। इस बैठक में विधानसभा स्पीकर के चयन से लेकर मंत्रिमंडल गठन और विभागों के बंटवारे पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
विभाग बंटवारे को लेकर अहम बैठकें
दिल्ली में जेडीयू नेता ललन सिंह और संजय झा की अमित शाह से लंबी बैठक हुई थी। इस मुलाकात में मंत्रियों के विभाग, विधानसभा स्पीकर पद और कैबिनेट विस्तार पर विचार हुआ, लेकिन कई बिंदुओं पर सहमति नहीं बन सकी। अब शाह की आज नीतीश कुमार के साथ मुलाकात को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, ताकि दोनों दलों के बीच विवादित मुद्दों पर अंतिम निर्णय हो सके। खासकर स्पीकर पद और प्रमुख विभागों को लेकर दोनों पार्टियों के बीच मतभेद बरकरार हैं, जिसके समाधान की कोशिश आज होगी।
कई राज्यों के मुख्यमंत्री होंगे शामिल
20 नवंबर को होने वाले शपथ ग्रहण में राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ ही कई प्रमुख राज्यों के मुख्यमंत्री जैसे योगी आदित्यनाथ, पुष्कर सिंह धामी, मोहन यादव, भजनलाल शर्मा और देवेंद्र फडणवीस भी शामिल होंगे। इसके अलावा पद्मभूषण और पद्मश्री से सम्मानित गणमान्य व्यक्ति, वैज्ञानिक, साहित्यकार और कई अन्य विशिष्ट अतिथि भी समारोह में उपस्थित रहेंगे।
यह भी पढ़ें: नीतीश को चुना गया JDU विधायक दल का नेता
10वीं बार शपथ लेंगे नीतीश कुमार
नीतीश कुमार इस बार रिकॉर्ड 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उन्होंने पहली बार मार्च 2000 में मुख्यमंत्री पद संभाला था। इसके बाद उन्होंने 2005, 2010, 2015, 2017, 2020, 2022 और 2024 सहित कई बार शपथ ली। इस तरह करीब 25 साल के राजनीतिक सफर में यह उनका दसवां कार्यकाल होगा, जो उन्हें देश के सबसे लंबे समय तक पद संभालने वाले मुख्यमंत्रियों की सूची में अग्रणी बनाता है।



