पटना: पटना एम्स में शिवहर के विधायक चेतन आनंद और उनकी पत्नी डॉ. आयुषी के साथ कथित बदसलूकी और धक्का-मुक्की का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के दूसरे दिन रेजिडेंट डॉक्टरों ने कामकाज ठप कर दिया। आरडी ने सड़क पर प्रदर्शन किया। दोनों तरफ से स्थानीय थाना फुलवारीशरीफ में शिकायत दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्या है मामला ?
बिहार के शिवहर से विधायक चेतन आनंद अपनी पत्नी डॉ आयुषी के साथ 30 जुलाई, बुधवार पटना एम्स भर्ती एक संबंधी मरीज को देखने पहुंचे थे। चेतन आनंद ने बताया कि उनके साथ मौजूद समर्थक और उनके सुरक्षा गार्ड जब हथियार लेकर अस्पताल परिसर में दाखिल हो रहे थे, तभी एम्स के सुरक्षा गार्डों ने उनको रोक लिया। इसके बाद कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते बात धक्का-मुक्की तक पहुंच गई।
इस वाकये के दो दिन बाद शुक्रवार एक अगस्त को रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (RDA) ने अस्पताल का कामकाज ठप कर दिया। इस दौरान इन लोगों ने प्रदर्शन किया। साथ में एम्स-पटना के मेडिकल सुपरिटेंडेंट एक पत्र लिखा है, जिसमें विधायक चेतन आनंद के खिलाफ एक्शन लेने की मांग की गई है।
चेतन आनंद ने भी शिकायत
उधर, घटना के बाद शिवहर से विधायक चेतन आनंद ने फुलवारीशरीफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। एमएलए की पत्नी डॉ. आयुषी की तरफ से की गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एम्स के सुरक्षा कर्मियों ने उनके साथ बदसलूकी और मारपीट की है। वहीं, इस मामले पर चेतन आनंद का कहना है कि जब सुरक्षा गार्ड अस्पताल में प्रवेश नहीं करने दे रहे थे, तब उनकी पत्नी को हस्तक्षेप किया। उसी समय दूसरे कर्मी आए और उनकी पत्नी के साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने पत्नी की पिटाई भी। इससे उसकी कलाई और पीठ पर चोटें आईं। चेतन आनंद ने खुद को कुछ देर तक बंधक बनाए जाने का भी आरोप लगाया है।
RDA ने लगाया चेतन आनंद पर आरोप
दूसरी तरफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (RDA) ने एम्स-पटना के मेडिकल सुपरिटेंडेंट को पत्र लिखकर कहा है कि विधायक के खिलाफ एक्शन लिया जाए। उनका कहना है कि अस्पताल परिसर में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती को बढ़ाया जाए। आरडीए ने पत्र में आरोप लगाया, ‘विधायक, उनकी पत्नी और उनके हथियारबंद सुरक्षाकर्मी जबरन अस्पताल परिसर में घुस आए, सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट की। रेजिडेंट डॉक्टरों को जान से मारने की धमकी दी और अस्पताल परिसर में बंदूक तान दी। इससे अस्पताल का एक सुरक्षाकर्मी घायल हो गया।
इसके खिलाफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (RDA) ने शुक्रवार को अस्पताल परिसर में मार्च निकाला और नारेबाजी की। डॉक्टरों का कहना है कि विधायक चेतन आनंद को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा– ‘बंदूक की नोक पर इलाज नहीं होगा, जब तक सम्मान सुरक्षित नहीं, सेवा नहीं देंगे।’



