नई दिल्ली। पहली बार बजट में क्रिएटिव इकोनॉमी (ऑरेंज इकोनॉमी) पर विशेष ध्यान दिया गया है। हमारे कंटेंट क्रिएटर्स देश की सॉफ्ट पावर हैं। इनके लिए डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और बौद्धिक संपदा संरक्षण के नए रास्ते खोले गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने से युवा ‘जॉब सीकर’ के बजाय ‘जॉब क्रिएटर’ बन रहा है। बजट 2026-27 युवा शक्ति और नवाचार को प्राथमिकता देने वाला बजट है। यह बात कला, संस्कृति, भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में बजट 2026-27 को लेकर प्रमुख सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स से संवाद के दौरान कहा।
उन्होंने कहा कि आज हम सिर्फ एक साल के बजट पर चर्चा नहीं कर रहे, विकसित भारत-2047 लक्ष्य के अगले 25 वर्षों के रोडमैप की भी बात कर रहे हैं। कपिल मिश्रा ने कहा कि देश को सात लाख करोड़ रूपये का ऐतिहासिक बजट मिला है, इससे स्वदेशी रक्षा उत्पादन बढेगा, रक्षा क्षेत्र में रोजगार और आत्मनिर्भरता बढ़ेगी साथ ही देश के दुश्मनों की नींद भी उड़ेगी। पूर्व सरकारों में 26/11 जैसे हमलों के बाद हम डोज़ियर लेकर दुनिया के दरवाज़े खटखटाते थे। अब प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दुश्मन को उसकी हिमाकत पर सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर की कड़वी डोज देते हैं।
बजट में युवाओं के लिए उपहार हैं
कैबिनेट मंत्री ने बजट में रोजगार और निवेश की बड़ी घोषणाओं को लेकर कहा कि ये युवाओं के लिए उपहार हैं। उन्होंने बताया कि ‘इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0’ लॉन्च होगा और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के लिए बजट बढ़ाकर 40,000 करोड़ रुपये कर दिया गया है। देश के 15,000 स्कूलों और 500 कॉलेजों में एनीमेशन, गेमिंग, कंटेंट क्रिएटर लैब्स तैयार होंगी। बायोफार्मा शक्ति योजना के जरिये 10,000 करोड़ रुपये के निवेश से भारत को ग्लोबल बायोफार्मा हब बनाया जायेगा। छोटे उद्योगों के लिए ₹10,000 करोड़ का फंड देश की अर्थव्यवस्था को गति देगा। इस बजट में ‘स्किलिंग’ को सीधे ‘इंडस्ट्री’ से जोड़ा गया है। युवाओं के लिए इंटर्नशिप और अप्रेंटिसशिप कार्यक्रमों में 20% की वृद्धि की गई है।
शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में 5 वर्षों में 75,000 नई मेडिकल सीटें जोड़ी जाएंगी
शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अगले 5 वर्षों में 75,000 नई मेडिकल सीटें जोड़ी जाएंगी। प्रमुख औद्योगिक केंद्रों के पास 5 यूनिवर्सिटी टाउनशिप स्थापित की जाएंगी। बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल बनेगा। परिवहन के क्षेत्र में देश में 7 नए हाई-स्पीड पैसेंजर रेल कॉरिडोर, एक समर्पित ईस्ट-वेस्ट फ्रेट कॉरिडोर और 20 नए जल मार्ग विकसित करने की योजना है। सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए 4,000 नई ई-बसें तैनात की जाएंगी।
इन सभी निवेशों और प्रयासों से बड़ी संख्या में रोजगार पैदा होंगे
कपिल मिश्रा ने इन्फ्लुएंसर्स से आग्रह किया कि वे बजट की बारीकियों को सरल भाषा में आम जनता और छात्रों तक पहुँचाएं ताकि हर पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सके। साथ ही लगातार बढ़ रही विकसित भारत यात्रा की तस्वीर लोगों के सामने रखें और भ्रम फ़ैलाने वालों को सही तथ्यों के साथ आइना दिखाएं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की एक साल की उपलब्धियों और योजनाओं को भी अपने माध्यमों से दिल्लीवासियों के सामने रखें। दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित इस संवाद में सोशल मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों जैसे टेक, फाइनेंस, एजुकेशन और लाइफस्टाइल के 100 से अधिक प्रभावशाली व्यक्तित्व शामिल हुए। डिजिटल क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने इसे डिजिटल संवाद की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम बताया।



