नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के विकास के लिए समाज कल्याण मंत्री ने पीडब्ल्यूडी मंत्री को लिखा पत्र लिखा है। पत्र में क्षेत्र की प्रमुख सड़कों के सीमांकन (डिमार्केशन) और चौड़ीकरण के साथ ही नए फ्लाईओवर के त्वरित निर्माण का आग्रह किया है। समाज कल्याण मंत्री ने उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के विकास के लिए बवाना से औचंदी बॉर्डर की ओर जाने वाले जीटी करनाल रोड के सीमांकन, चौड़ीकरण एवं डिवाइडर निर्माण, डीएसआईआईडीसी कट से राजीव गांधी स्टेडियम तक फ्लाईओवर निर्माण और मंगोलपुरी चौक से कंझावला तक फ्लाईओवर निर्माण की जरुरत बताई।
जाम और प्रदूषण से मिलेगी मुक्ति
रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने पत्र में कहा कि बवाना से औचंदी बॉर्डर की ओर जाने वाला जीटी करनाल रोड औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों को जोड़ता है। इस पर भारी वाहनों की आवाजाही के कारण कई जगहों पर सड़क संकरी और असमान होने से लगातार जाम लगता है और दुर्घटनाएं होती हैं। उन्होंने कहा कि यह समस्या जनसुनवाई में अक्सर सामने आती है। PWD अधिकारियों को तुरंत सीमांकन, चौड़ीकरण एवं डिवाइडर निर्माण का कार्य शुरू करने के निर्देश दिए जाने चाहिए।
गंभीर यातायात समस्या का समाधान जरूरी
मंत्री ने ग्रामीण गौशाला के नजदीक डीएसआईआईडीसी कट से राजीव गाँधी स्टेडियम तक लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक जाम को स्थानीय निवासियों के लिए एक गंभीर समस्या बताया। उनका कहना है कि जाम के कारण प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है और सुरक्षा के खतरे भी पैदा हो रहे हैं। उन्होंने PWD मंत्री से इसपर विशेष ध्यान देने और फ्लाईओवर निर्माण के निर्देश जारी करने का अनुरोध किया।
यह भी पढ़ेंः सड़कों और नालों का जायजा लेने देहात पहुंचे PWD मंत्री प्रवेश वर्मा
इसके अलावा, उन्होंने मंगोलपुरी चौक से कंझावला तक लगने वाले भीषण जाम के कारण दैनिक यात्रियों को होने वाली असुविधा की ओर भी ध्यान आकर्षित करते हुए, इस समस्या के समाधान के लिए भी फ्लाईओवर निर्माण का आग्रह किया। समाज कल्याण मंत्री ने उम्मीद जताई है कि PWD इन निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द शुरू करेगा, जिससे क्षेत्र में बेहतर और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित होगा, जाम से निजात मिलेगी और प्रदूषण का स्तर भी कम होगा।



