भागलपुर: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए NDA गठबंधन ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी पहली सूची जारी करते हुए 71 उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगाई, जिसमें भागलपुर जिले की प्रमुख सीट भागलपुर से रोहित पांडे को टिकट दिया गया है। रोहित पांडे वही उम्मीदवार हैं, जो 2020 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के अजीत शर्मा से मात्र 946 वोटों से पराजित हुए थे।
जन सुराज ने अभय कांत झा को प्रत्याशी बनाया
इस बार जन सुराज पार्टी ने भागलपुर से सिविल कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अभय कांत झा को प्रत्याशी बनाया है। अभय कांत झा 1989 के भागलपुर दंगे के दौरान मुस्लिम पक्ष के वकील रहे हैं और उन्होंने उस समय मुस्लिम समुदाय की ओर से पैरवी की थी। वहीं, कांग्रेस ने अब तक भागलपुर सीट से अपने उम्मीदवार की अधिकृत घोषणा नहीं की है।
सुल्तानगंज में उम्मीदवार की घोषणा नहीं
यदि पूरे भागलपुर जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों की बात करें तो स्थिति अभी भी धुंधली बनी हुई है। सुल्तानगंज में किसी भी दल ने अब तक उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। नाथनगर में भी यही स्थिति है। भाजपा की सूची में बिहपुर विधानसभा क्षेत्र का भी नाम शामिल नहीं है, हालांकि स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि इंजीनियर शैलेंद्र भाजपा से प्रत्याशी हो सकते हैं।
गोपालपुर सीट से पिछली बार जदयू ने चुनाव लड़ा था, लेकिन इस बार वहां कौन उम्मीदवार होगा यह स्पष्ट नहीं है। कहलगांव विधानसभा सीट जदयू के खाते में जाने की खबरें हैं। पिछले चुनाव में भाजपा ने यहां कांग्रेस के उम्मीदवार शोभानंद मुकेश को रिकॉर्ड मतों से हराया था, लेकिन अब यह सीट जदयू को दिए जाने की संभावना है। पीरपैंती सीट पर भी भाजपा परंपरागत रूप से चुनाव लड़ती रही है, लेकिन आज जारी सूची में इस क्षेत्र का नाम नहीं है।
यह भी पढ़ेंः सीट बंटवारे से पहले ही भाकपा माले ने जारी की 18 प्रत्याशियों की सूची
यही कारण है कि राजनीतिक विश्लेषकों की भविष्यवाणियां इस बार उलझी हुई नजर आ रही हैं, क्योंकि किसी भी दल की रणनीति अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
जिलेवार स्थिति की बात करें तो:-
- भागलपुर सीट से हमेशा भाजपा चुनाव लड़ती रही है।
- सुल्तानगंज, नाथनगर और गोपालपुर से परंपरागत रूप से जदयू मैदान में उतरती रही है।
- कहलगांव सीट पिछली बार भाजपा के खाते में थी, लेकिन इस बार यह जदयू को मिलने की संभावना है।
महागठबंधन की ओर से अब तक किसी भी दल ने अपनी उम्मीदवार सूची जारी नहीं की है। हालांकि, खबर है कि गोपालपुर सीट से वीआईपी पार्टी ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है।
पिछले चुनाव में महागठबंधन के तहत भागलपुर, सुल्तानगंज और कहलगांव सीटें कांग्रेस के खाते में थीं, जबकि पीरपैंती, बिहपुर, गोपालपुर और नाथनगर सीटें राजद के पास थीं। लेकिन इस बार इन सीटों पर क्या नया समीकरण बनेगा, यह अब तक पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।



