नई दिल्ली: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो संदेश जारी कर प्रदेशवासियों से चुनाव जिताने की अपील की है। उन्होंने जदयू के सोशल मीडिया हैंडल से वीडियो शेयर किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हमें बिहार बहुत ख़राब हालात में मिला था। तब कानून-व्यवस्था नाम की चीज नहीं थी। प्रदेश के विकास के लिए हमने दिन-रात मेहनत की।
परिवार का जिक्र
सीएम नीतीश आगे वीडियो में कहते हैं कि हमने परिवार के लिए कुछ नहीं किया। सत्ता में आते ही सबसे पहले कानून-व्यवस्था में सुधार किया। इसके बाद समाज के हर वर्ग के लिए काम किया। विकसित बिहार के लिए हमें एक और मौका दीजिये। फिर से NDA की सरकार बनाइये। पहले की सरकार ने कोई काम नहीं किया था। महिलाओं को सशक्त हमने बनाया। आज बिहारी कहलाना सम्मान की बात है।
प्रिय प्रदेशवासियो,
— Janata Dal (United) (@Jduonline) November 1, 2025
आइए मिलकर बनाएं नया बिहार।@NitishKumar #Bihar #NitishKumar #JDU #JanataDalUnited #25Se30FirSeNitish pic.twitter.com/XxTqqVaWTp
ईमानदारी से सेवा
वीडियो संदेश में सीएम नीतीश ने अपने कार्यकाल और विकास कार्यों का जिक्र किया। जिस स्थिति में उन्हें बिहार मिला था, उस समय बिहारी कहलाना शर्म का विषय माना जाता था। पूरी ईमानदारी और मेहनत से उन्होंने जनता की सेवा की। शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क, कृषि और रोजगार क्षेत्र में सरकार ने सुधार किए। बिहार की महिलाएं अब खुद काम कर रही हैं, किसी पर निर्भर नहीं है। परिवार और बच्चों की जिम्मेदारी खुद उठा रही हैं। सरकार ने हर वर्ग के लिए काम किया।
ये भी पढ़ें-बिहार बसपा के महासचिव ओम प्रकाश पांडेय ने भाजपा का दामन थामा
राजद की चुटकी
इधर सीएम के वीडियो संदेश पर राजद ने हमला बोला है। राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने सीएम के वीडियो संदेश पर टिप्पणी की, “मुख्यमंत्री बिहार की जनता को गुमराह कर रहे हैं। वह जंगलराज की बात करते हैं, आज स्थिति देखिए। हर जगह हत्याएं और लूटपाट हो रही है, लेकिन सरकार चुप है।”



