नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 नवंबर को छत्तीसगढ़ की एकदिवसीय यात्रा पर आएंगे। राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजित रजत महोत्सव में शामिल होकर वे सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य और ऊर्जा क्षेत्रों में 14,260 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे।
‘दिल की बात’ से शुरुआत
सुबह करीब 10 बजे नव रायपुर के सत्य साई संजीवनी अस्पताल में ‘दिल की बात’ कार्यक्रम के तहत पीएम 2500 बच्चों से मुलाकात करेंगे, जिनका जन्मजात हृदय रोग का सफल इलाज हुआ है। इसके बाद 10:45 बजे ब्रह्माकुमारीज के ‘शांति शिखर’ आधुनिक आध्यात्मिक केंद्र का उद्घाटन करेंगे।
विधानसभा भवन और वाजपेयी प्रतिमा अनावरण
11:45 बजे नव रायपुर में छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन का उद्घाटन करेंगे, जो ग्रीन बिल्डिंग कॉन्सेप्ट पर बना है और सोलर एनर्जी से संचालित होगा। यहां भारत रत्न पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण कर सभा को संबोधित करेंगे।
शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक
दोपहर 1:30 बजे शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक एवं आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे। संग्रहालय राज्य के आदिवासी समुदायों के बलिदान को संजोएगा। पीएम घुड़सवार प्रतिमा अनावरण के साथ ‘आदि शौर्य’ ई-बुक और पोर्टल लॉन्च करेंगे।
रजत महोत्सव और विकास परियोजनाएं
2:30 बजे रजत महोत्सव में 9 जिलों के 12 नए स्टार्ट-अप विलेज एंटरप्रेन्योरशिप प्रोग्राम (SVEP) ब्लॉक शुरू करेंगे। पीएम आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 3.51 लाख पूर्ण मकानों का गृह प्रवेश कराएंगे और 3 लाख हितग्राहियों को 1200 करोड़ की किस्त जारी करेंगे।
कनेक्टिविटी के लिए भारतमाला परियोजना अंतर्गत पथलगांव-कुंकुरी से छत्तीसगढ़-झारखंड बॉर्डर तक 3150 करोड़ की चार लेन ग्रीनफील्ड हाईवे का शिलान्यास करेंगे, जो कोयला खदान, स्टील प्लांट और औद्योगिक क्षेत्रों को जोड़ेगा। नारायणपुर-कस्तूरमेटा और मडंगमुडा-देवभोग सेक्शन का उन्नयन भी होगा।
ऊर्जा क्षेत्र में पूर्वी-पश्चिमी ग्रिड इंटरकनेक्शन (1600 MW), 3750 करोड़ की परियोजनाएं, 1860 करोड़ के RDSS कार्य, 9 नए सबस्टेशन (480 करोड़) और 1415 करोड़ की नई योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास होगा। एचपीसीएल का 460 करोड़ का रायपुर पेट्रोलियम डिपो (54,000 KL) और 1950 करोड़ की नागपुर-झारसुगुड़ा गैस पाइपलाइन (489 किमी) राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
उद्योग के लिए जनजगीर-चांपा और राजनांदगांव में दो स्मार्ट इंडस्ट्रियल एरिया, नव रायपुर में फार्मास्युटिकल पार्क का शिलान्यास होगा। स्वास्थ्य में मानेंद्रगढ़, कबीरधाम, जनजगीर-चांपा, गीदम और बिलासपुर आयुर्वेद कॉलेज सहित पांच नए मेडिकल कॉलेजों की आधारशिला रखी जाएगी। ऐसे में पीएम की यात्रा से राज्य में बुनियादी ढांचा, रोजगार और स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी।



