नालंदा: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की सरगर्मी के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने गृह जिले नालंदा में बुधवार को NDA प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी जनसभाएं कीं। छठ पर्व की समाप्ति के तुरंत बाद आयोजित इस रैली में उन्होंने खराब मौसम के बावजूद भारी भीड़ को संबोधित किया और विपक्षी दलों, विशेषकर राजद पर तीखे हमले बोले।
2005 से पहले बिहार का बुरा हाल था
नीतीश कुमार ने नालंदा के रहुई प्रखंड में आयोजित सभा में कहा कि उनकी सरकार से पहले बिहार में भय और अराजकता का माहौल था। उन्होंने कहा, ’20 साल पहले बिहार में लोग शाम के बाद घर से बाहर नहीं निकलते थे। हिंदू-मुस्लिम में झगड़े होते रहते थे, अपराधी बेलगाम थे, और जनता डर के साए में जीती थी।’
मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 नवंबर 2005 को जब उनकी सरकार बनी, तभी से राज्य में कानून का राज, भाईचारा और शांति का माहौल स्थापित हुआ। उन्होंने जनता को याद दिलाया कि पहले सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं की हालत बेहद खराब थी। हमारे आने के बाद पढ़ाई का इंतजाम हुआ, अस्पतालों की व्यवस्था सुधरी, गांव-गांव तक सड़कें बनीं और हर घर में बिजली पहुंची। हमने समाज के हर वर्ग के लिए बिना भेदभाव के काम किया है।’
NDA प्रत्याशी के समर्थन में अपील
नीतीश कुमार ने इस जनसभा में एनडीए के भाजपा प्रत्याशी डॉ. सुनील कुमार के पक्ष में जनता से मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि डॉ. सुनील कुमार एक शिक्षित और जनसेवी उम्मीदवार हैं। इनके जीतने से क्षेत्र में विकास की गति और तेज होगी। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही हैं।
विपक्ष पर हमला
नीतीश कुमार ने विपक्षी राजद पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उन लोगों का चक्कर एकदम गड़बड़ है। 2005 से पहले जो हाल था, वही फिर से लाना चाहते हैं। जनता को अब डर और अंधेरे के उस दौर में वापस नहीं जाना चाहिए। NDA सरकार ने समाज में सद्भाव बनाए रखने के लिए कब्रिस्तानों की घेराबंदी जैसी पहल 2006 में ही शुरू कर दी थी ताकि किसी भी तरह के विवाद को टाला जा सके।
यह भी पढ़ेंः बदलेगा बिहार, हर घर में मिलेगा रोजगार: तेजस्वी यादव
उत्साहित दिखे नीतीश
मुख्यमंत्री ने रहुई के बाद अस्थावां के बिंद, राजगीर के सरबहदी, नालंदा के दहपर और इस्लामपुर में भी जनसभाएं कीं। शाम को वे राज्य मार्ग से पटना लौटे। अपने गृह ज़िले की जनता से मिले समर्थन से वे बेहद उत्साहित दिखे। इन जनसभाओं में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, सांसद कौशलेंद्र कुमार, पूर्व विधायक इंजीनियर सुनील कुमार समेत कई NDA नेता मंच पर मौजूद रहे।



