नीतीश के गृह जिले में उन्हीं के मंत्री-MLA का विरोध, लगे ‘मुर्दाबाद’ के नारे

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में जद (यू) के मंत्री श्रवण कुमार और विधायक कौशल किशोर को जनसंपर्क के दौरान जनता के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने 'बकलोल विधायक मुर्दाबाद' के नारे लगाए।

Share This Article:

नालंदा: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में ही उनके मंत्री और विधायक को जनता के भारी विरोध का सामना करना पड़ रहा है। जिले के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से विरोध के ऐसे दो मामले सामने आए हैं, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं। पहला मामला ग्रामीण विकास कार्य मंत्री श्रवण कुमार से संबंधित है। नालंदा विधानसभा क्षेत्र के नूरसराय प्रखंड के प्रह्लाद नगर गांव में गुरुवार की सुबह करीब 9 बजे, जद (यू) एमएलसी रीना देवी के पति राजू यादव के जनसंपर्क अभियान के दौरान ग्रामीणों ने मंत्री श्रवण कुमार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।

श्रवण कुमार के विरोध में ‘मुर्दाबाद’ के नारे लगे

ग्रामीणों ने श्रवण कुमार का विरोध करते हुए ‘मुर्दाबाद’ के नारे लगाए और साथ ही, कांग्रेस प्रत्याशी कौशलेंद्र कुमार उर्फ छोटे मुखिया के समर्थन में नारेबाजी की गई। माहौल गरमाते देख, बीच-बचाव के बाद एमएलसी प्रतिनिधि राजू यादव को वहां से निकलना पड़ा। यह मंत्री श्रवण कुमार का 8वां चुनाव है, जो नालंदा विधानसभा क्षेत्र से 7 बार के विधायक और बिहार सरकार में 3 बार मंत्री रह चुके हैं।

नारेबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

दूसरा मामला राजगीर विधानसभा क्षेत्र से जद (यू) विधायक कौशल किशोर का है, जिन्हें पावापुरी के प्यारेपुर गांव में विरोध का सामना करना पड़ा। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जद (यू) प्रत्याशी कौशल किशोर बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 के लिए जनसंपर्क अभियान चला रहे थे। जब उन्होंने ग्रामीणों से वोट की अपील की, तो जनता ने उनका विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने ‘कौशल किशोर मुर्दाबाद’ और ‘नीतीश कुमार जिंदाबाद!’ के नारे लगाए।

वीडियो बनाने से रोकने पर उग्र हुए ग्रामीण

विरोध तब और भड़क उठा जब विधायक ने वोट मांगने के दौरान सवाल-जवाब कर रहे और घटना का वीडियो बना रहे एक व्यक्ति को रोकने की कोशिश की, जिससे ग्रामीण और उग्र हो गए। बताते चलें कि कौशल किशोर का यह दूसरा कार्यकाल है। उनके पिता सत्यदेव नारायण आर्या भी राजगीर से 7 बार विधायक, एक बार मंत्री और दो राज्यों के राज्यपाल रह चुके हैं। जद (यू) के किसी भी व्यक्ति ने इस विरोध पर टिप्पणी करने से परहेज किया है। नालंदा के सातों विधानसभा क्षेत्रों में 6 नवंबर को मतदान होना है और 14 नवंबर को चुनाव परिणाम घोषित होंगे।

गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों के ऐलान से पहले भी हिलसा के विधायक कृष्ण मुरारी उर्फ प्रेम मुखिया और मंत्री श्रवण कुमार को मलावां गांव में विरोध झेलना पड़ा था, जहां उन्हें और उनके सुरक्षा कर्मी को एक किलोमीटर तक भागकर जान बचानी पड़ी थी। इस बार के चुनाव में नीतीश के करीबी नेताओं का विरोध लगातार जारी है। अब सवाल उठ रहा है कि क्या नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा से ही इस बार ‘बदलाव की ब्यार’ शुरू होगी? इसका फैसला 14 नवंबर को होगा।

Sandeep Kumar

sandeepx4a@gmail.com

संदीप कुमार एक अनुभवी वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें समाचार जगत में 14 साल से ज्यादा काम किया है। इन्हें गहन शोध, सटीक रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए जाना जाता है। उन्होंने ETV Bharat, Hyderabad में साढ़े पाँच वर्षों तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और राष्ट्रीय से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक कई अहम खबरों को प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत किया। इसके साथ ही उन्होंने Network 10, TOTAL News, MH1 समेत कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी अपनी पत्रकारिता का कौशल साबित किया। राजनीति, राष्ट्रीय सुरक्षा, समाज और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर पकड़ मजबूत है। इस समय newG india में कार्यरत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.