जहानाबाद: पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के नेता जीतनराम मांझी ने जहानाबाद विधानसभा सीट पर अपनी पार्टी का दावा ठोककर एनडीए खेमे में खलबली मचा दी है। जहानाबाद में हाल के एनडीए कार्यक्रमों में HAM कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी का हवाला देते हुए मांझी ने दावा किया कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ता सबसे अधिक सक्रिय हैं, इसलिए जहानाबाद से HAM उम्मीदवार को उतारना बेहतर होगा। हालांकि, बिहार में कुल सीटों पर चुनाव लड़ने के सवाल को उन्होंने टाल दिया, लेकिन जहानाबाद को लेकर उनकी दावेदारी ने एनडीए की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
जेडीयू, भाजपा के नेता कार्यक्रम में ही कर रहे शिरकत
जीतनराम मांझी ने दावा किया कि जेडीयू तथा भाजपा के नेता ही सिर्फ शिरकत कर रहे थे,जबकि हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं की काफी भीड़ थी। ऐसे में यह प्रतीत होता है जहानाबाद में एनडीए के सभी घटक दलों से ज्यादा सक्रिय कार्यकर्त्ता हम के पास है। जिसके कारण जहानाबाद विधानसभा से हम के उम्मीदवार को ही मैदान में उतारना ज्यादा बेहतर होगा। हालांकि उन्होंने इस सवाल पर की बिहार में कितने सीटों पर आपकी पार्टी चुनाव लड़ने जा रही है टाल गए। लेकिन जहानाबाद विधानसभा से अपनी पार्टी के दावेदारी पर पहले की तरह ही कायम रहते हुए यहां उन्होंने एनडीए की मुश्किलें बढ़ा दी है।
सुरक्षित सीट मखदुमपुर से हमेशा चुनाव लड़ते रही हैं हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा
पूर्व सीएम जीतनराम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा हमेशा से जहानाबाद जिले के मखदुमपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ते रही है। इसी सीट से विधायक रहते हुए वे मुख्यमंत्री भी बने थे। लेकिन पिछले दो चुनाव से उनकी पार्टी को यहां से हार का सामना करना पड़ रहा है। 2015 में जहां वे खुद मखदुमपुर विधानसभा से चुनाव लड़ते हुएहार गए थे, वहीं 2020 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने अपनी पार्टी से अपने दामाद देवेंद्र मांझी को उम्मीदवार बनाया था लेकिन उन्हें भी करारी हार का सामना करना पड़ा था। लगातार दो बार हारते रहने के कारण अब उनका यहां से मोह भंग हो गया है। ऐसे में जहानाबाद सीट से दावा ठोक रहे हैं जहां से जेडीयू हमेशा चुनाव लड़ते रही हे। हालांकि 2020 के विधानसभा चुनाव में जदयू से एनडीए प्रत्याशी के रूप में तत्कालीन शिक्षा मंत्री कृषनंदन प्रसाद वर्मा को भी 34000 के बड़े अंतर से चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। इसके बावजूद भी जहानाबाद विधानसभा सीट जदयू छोड़ता नहीं चाह रही है। इस स्थिति में दोनों पार्टियों में टकराव की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
दोनों पार्टियों के संभावित प्रत्याशी मैदान में
हालांकि अभी किसी भी पार्टी या गठबंधन के द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा नहीं हुई है। लेकिन जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र में जदयू की ओर से संभावित प्रत्याशी के रूप में निरंजन केशव प्रिंस तथा हम की ओर से अपने आप को प्रत्याशी बताते हुए रितेश कुमार उर्फ चन्नु शर्मा लगातार जनता के बीच जा रहे हैं।



