जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल यानी की SMS हॉस्पिटल में रविवार रात उस समय कोहराम मच गया जब आईसीयू में आग की तेज लपटें उठने लगीं। अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर की दूसरी मंजिल पर बने आईसीयू में लगी। इस आग के बाद मरीज और उसके तीमारदार जान बचाने के लिए बेड और गद्दा समेत बाहर भागे लेकिन फिर भी आग ने 6 लोगों को अपनी चपेट में ले लिया और उनकी जान चली गई। मृतक मरीजों में दो महिलाएं और चार पुरुष थे।
एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर प्रभारी डॉ. अनुराग धाकड़ ने बताया कि ट्रॉमा आईसीयू में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग तेजी से फैली और जहरीला धुआं निकला। डॉ. धाकड़ ने बताया कि ट्रॉमा आईसीयू में 11 मरीज थे, जहां आग लगी और फैल गई।
आईसीयू में 24 मरीज थे भर्ती
डॉ. अनुराग धाकड़ ने बताया, “हमारे ट्रॉमा सेंटर में दूसरी मंजिल पर दो आईसीयू हैं, एक ट्रॉमा आईसीयू और एक सेमी-आईसीयू। वहां हमारे 24 मरीज थे, 11 ट्रॉमा आईसीयू में और 13 सेमी-आईसीयू में। ट्रॉमा आईसीयू में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग तेजी से फैल गई, जिससे जहरीली गैसें निकलीं।
ज्यादातर मरीज बेहोशी की हालत में मिले
अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि ज्यादातर गंभीर मरीज बेहोशी की हालत में थे। हमारी ट्रॉमा सेंटर टीम, हमारे नर्सिंग ऑफिसर और वार्ड बॉय ने तुरंत उन्हें ट्रॉलियों पर लादकर आईसीयू से बाहर निकाला और जितने मरीजों को हम आईसीयू से बाहर निकाल पाए, उन्हें दूसरी जगह शिफ्ट किया। उनमें से छह मरीजों की हालत बेहद गंभीर थी; हमने सीपीआर से उन्हें होश में लाने की बहुत कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
सीएम भजनलाल ने किया अस्पताल का दौरा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह ने स्थिति का जायजा लेने के लिए ट्रॉमा सेंटर का दौरा किया।
पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसेफ ने कहा
जयपुर पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसेफ ने कहा, हमारे FSL टीम की जांच में सामने आएगा कि आग लगने का क्या कारण रहा? प्रथम दृष्टया ये रहा कि शॉर्ट सर्किट लग रहा है लेकिन उसका फाइनल कारण जांच के बाद ही पता लगा पाएगा। 6 लोगों की मौत की पुष्टी हो गई है। मृतक के शव को शवगृह में शिफ्ट कराया गया है। जब सब चीजे हो जाएंगी तो शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।



