वैशाली: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को वैशाली विधानसभा क्षेत्र के प्रेमराज हाई स्कूल मैदान में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सामने एक ड्रोन उड़ता हुआ पाया गया। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ड्रोन को डंडे से मारकर नीचे गिराया। इसके बाद ड्रोन उड़ाने वाले एक युवक को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है कि उसने किस मकसद से मुख्यमंत्री की रैली में ड्रोन उड़ाया था। वैशाली जिले की 8 विधानसभा सीटों पर पहले चरण में 6 नवंबर को मतदान होना है।
लालू परिवार पर तीखा हमला
जनसभा को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने जनता दल यूनाइटेड (JDU) के उम्मीदवार सिद्धार्थ पटेल के लिए वोट की अपील की और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार पर जमकर हमला बोला। मुख्यमंत्री ने साल 2005 से पहले के 15 वर्षों के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि पहले वाला 15 साल के बारे में आप जानते ही हैं कि कुछ काम नहीं होता था।
उन्होंने लालू यादव पर तंज कसते हुए कहा कि, 7 साल में खुद हट गया और अपनी पत्नी को मुख्यमंत्री बना दिया, लेकिन कभी सुने हैं कि घर के आदमी को कोई बनाता है? हमने तो अपने घर के किसी को कुछ नहीं बनाया, लेकिन उसने अपनी पत्नी को, बेटा को, बेटी को ही बना दिया। नीतीश कुमार ने कहा कि हम लोग सब महिला-पुरुष के लिए काम करते हैं, लेकिन कोई अपने लिए और अपने परिवार के लिए काम करता है।
यह भी पढ़ेंः तेजस्वी के सीएम फेस बनने पर सम्राट का बड़ा हमला
‘कानून का राज स्थापित किया’
मुख्यमंत्री ने पुरानी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि ये लोग सब गड़बड़ ही करते थे। 2005 के पहले अपराध चरम पर था, झगड़ा-झंझट होता था। लेकिन जब हम लोगों को मौका मिला, तब हम लोगों ने कानून का राज स्थापित किया। उन्होंने अपने कार्यकाल में वैशाली जिले में सरकार द्वारा कराए गए विभिन्न विकास कार्यों को भी जनता के सामने रखा और एक बार फिर जदयू उम्मीदवार को जिताने की अपील की।



