नालंदा: दीपावली के अवसर पर घर की साफ-सफाई के लिए पटना से अपने पैतृक गांव नालंदा आई एक डॉक्टर की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने लूटपाट के बाद सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस इसे संदिग्ध मौत मान रही है।
मृतका की उम्र 45 साल
मामला नालंदा जिले के वेना थाना क्षेत्र के पोराजित गांव का है। मृतका की पहचान होम्योपैथिक डॉक्टर द्वारिका कुमार की 45 वर्षीय पत्नी प्रमिला देवी के तौर पर हुई है। प्रमिला देवी पटना के फतुहां में अपने परिवार के साथ रहती थीं और शनिवार शाम को अकेले पैतृक घर आई थीं।
सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
मृतका के भतीजे इंद्रजीत कुमार ने बताया कि रविवार सुबह पड़ोसी ने सूचना दी कि चाची घर आई हैं, लेकिन दरवाजा नहीं खुल रहा है। जब वह पीछे से सीढ़ी लगाकर घर के अंदर गए, तो उन्होंने देखा कि प्रमिला देवी खाट पर मृत पड़ी थीं। उनके गले पर निशान थे और शरीर पर जख्म के निशान पाए गए। इंद्रजीत कुमार ने आशंका जताई कि रात में घर के पीछे शराब पीने और जुआ खेलने वाले कुछ असामाजिक तत्वों ने लूटपाट की नीयत से पहले उनकी चाची के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर उनकी हत्या कर दी।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़ेंः महागठबंधन में रार: 10 सीटों पर आमने-सामने टक्कर
इस संबंध में सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की मौत संदिग्ध लग रही है, संभवतः जहरीला पदार्थ खाने से हुई हो। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के सही कारण और हत्या के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।



