नई दिल्ली । प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाये जा रहे विशिष्ट जन सम्पर्क अभियान के अंतर्गत आज दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री हर्ष मल्होत्रा ने जनपथ स्थित इंदिरा गांधी आर्ट एंड कल्चर सेंटर में आर्ट एंड कल्चर क्षेत्र के अनेक गणमान्य जनों से भेंट करके मोदी सरकार के विगत 12 वर्ष की उपलब्धियों पर चर्चा की और सरकार के लिए उनके सुझाव भी लिये। इस अवसर पर भाजपा नेता प्रोफेसर अभिषेक टंडन और आर्ट एंड कल्चर क्षेत्र की कई विभूतियों भी उपस्थित रहे।
विशिष्ट जन संपर्क अभियान के तहत सांस्कृतिक दिग्गजों से संवाद
इस अवसर पर हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास के साथ-साथ अपनी गौरवशाली कला एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के क्षेत्र में भी अभूतपूर्व कार्य किया है। भारत की हजारों वर्षों पुरानी संस्कृति, परंपराओं और विरासत को वैश्विक मंच पर सम्मान और पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश के कलाकारों, शिल्पकारों, साहित्यकारों और संस्कृति से जुड़े लोगों को आगे बढ़ाने के लिए अनेक योजनाएं और पहल शुरू की हैं। आज भारत की सांस्कृतिक शक्ति दुनिया के सामने एक नई पहचान के साथ उभर रही है।
मोदी सरकार के 12 वर्षों में सांस्कृतिक विरासत का वैश्विक उत्थान
मल्होत्रा ने कहा कि कला एवं संस्कृति केवल हमारी पहचान नहीं, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी अमूल्य धरोहर है। सरकार निरंतर प्रयास कर रही है कि देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित करते हुए उन्हें आधुनिक मंच और वैश्विक अवसर प्रदान किए जाएं। उन्होंने कहा कि विशिष्ट जन संपर्क अभियान के माध्यम से भाजपा समाज के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित लोगों से संवाद कर रही है, उनके अनुभव और सुझाव प्राप्त कर रही है ताकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को और मजबूती दी जा सके। इस मौके पर उपस्थित विभूतियों में प्रमुख थे संसद म्यूजियम से रितु जैन, नेशनल आरकिवज से डा. देवेन्द्र, आई.जी.एन.सी.ए. से रमेश गौड़, राष्ट्रपति म्यूजियम से पंकज प्रोतिम, सी.सी.आर.टी. से राहुल कुमार, क्राफ्ट म्यूजियम से निधि आदि।



