भोजपुर/आरा: आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में भोजपुर जिले में चुनावी निगरानी और चेकिंग अभियान के दौरान एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। शुक्रवार देर शाम गांगी चेक पोस्ट पर तैनात स्थैतिक निगरानी टीम (SST) ने एक वाहन से 50 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। यह राशि संदिग्ध परिस्थिति में ले जाई जा रही थी। टीम ने नियमित जांच के दौरान वाहन को रोका और तलाशी में भारी मात्रा में नकदी बरामद की। इस मामले में प्रारंभिक पूछताछ के बाद विधिसम्मत जांच और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
आचार संहिता उल्लंघन पर सख्त नजर
भोजपुर के जिला निर्वाचन अधिकारी तनय सुल्तानिया के निर्देश पर जिले में अलग-अलग चेक पोस्टों पर निगरानी एवं तलाशी अभियान तेज़ी से चलाया जा रहा है। सुल्तानिया ने स्पष्ट कहा है कि चुनाव के दौरान अवैध नकदी, शराब, गिफ्ट या किसी भी प्रलोभन के माध्यम से मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता सर्वोपरि है। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या आचार संहिता उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
यह भी पढ़ेंः बिहार चुनाव: वैशाली जिले की तीन सीटों पर महागठबंधन के प्रत्याशी आमने-सामने
प्रशासन की सख्त चेतावनी
जिला प्रशासन ने सभी निगरानी दलों उड़नदस्तों और सुरक्षाबलों को अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही प्रशासन ने आम जनता और राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे चुनाव प्रक्रिया की पवित्रता बनाए रखें और किसी भी अवैध प्रलोभन या धनबल के प्रयोग की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन को दें।
गांगी चेक पोस्ट पर हुई यह कार्रवाई भोजपुर जिले में निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। यह कदम न केवल प्रशासन की सतर्कता को दर्शाता है, बल्कि यह भी स्पष्ट करता है कि इस बार का चुनाव धनबल और बाहुबल से मुक्त कराने के लिए पूरी तैयारी की गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस प्रकार की सख्ती से मतदाताओं में भरोसा बढ़ेगा और लोकतंत्र की नींव और अधिक मजबूत होगी।



