पटना: बिहार चुनाव से पहले बीजेपी ने बागी नेताओं पर कड़ा एक्शन लिया है। पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में बीजेपी ने अपने चार वरिष्ठ नेताओं को 6 साल के लिए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा गिया है। यह कड़ा कदम उन नेताओं के खिलाफ उठाया गया है जिन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के आधिकारिक उम्मीदवारों के खिलाफ जाकर चुनाव लड़ने का फैसला किया था। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट कर दिया है कि गठबंधन के उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ना घोर अनुशासनहीनता माना जाएगा, जिसके चलते यह बड़ी कार्रवाई की गई है।
निष्कासित किए गए नेताओं की सूची
जिन चार नेताओं को बीजेपी ने पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया है, उनके नाम और चुनाव क्षेत्र इस प्रकार हैं:-
- वरुण सिंह: इन्हें बहादुरगंज से विधानसभा चुनाव लड़ने के कारण निष्कासित किया गया है।
- अनूप कुमार श्रीवास्तव: ये गोपालगंज से चुनाव लड़ रहे थे।
- पवन यादव: कहलगांव से चुनाव लड़ने वाले विधायक पवन यादव को पार्टी के फैसले का उल्लंघन करने के आरोप में बाहर किया गया है।
- सूर्य भान सिंह: इन्हें बड़हरा से चुनाव लड़ने के कारण 6 साल के लिए निष्कासित किया गया है।
यह भी पढ़ेंः हरनौत में प्रत्याशी को दूध से नहलाने के बाद लड्डू से तौला
अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं
बीजेपी ने अपने इस कदम से पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को एक कड़ा संदेश दिया है कि संगठन में अनुशासनहीनता और पार्टी या गठबंधन के फैसलों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इन नेताओं को पहले भी चेतावनी दी गई थी, लेकिन जब इन्होंने गठबंधन के उम्मीदवारों के खिलाफ नामांकन वापस नहीं लिया, तो पार्टी ने नियमों के तहत तत्काल कार्रवाई की। पार्टी का यह एक्शन ऐसे समय में आया है जब विधानसभा चुनाव अपने चरम पर हैं, और बीजेपी गठबंधन की एकजुटता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।



