नालंदा: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में एक अनोखी घटना ने राजनीतिक हलचल मचा दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह क्षेत्र नालंदा जिले के हरनौत विधानसभा से जन स्वराज के प्रत्याशी कमलेश पासवान को चंडी प्रखंड के डिहरा गांव में समर्थकों ने घर-घर प्रचार के दौरान 105 लीटर दूध से नहलाकर 70 किलो लड्डू से तौल कर और माला महनाकर जीत का आशीर्वाद दिया। इससे पूर्व बिहार के छपरा विधानसभा सीट से राजद प्रत्याशी सह भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव को भी समर्थकों ने दूध से नहलाया था।
इस दृश्य को देखने के लिए लोग बड़ी संख्या में मौजूद थे। कुछ लोगों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर सावर्जनिक कर दिया। प्रत्याशी कमलेश पासवान ने निवर्तमान विधायक हरि नारायण प्रसाद पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जनसंपर्क अभियान के दौरान हरनौत विधानसभा क्षेत्र के जिस गांव में जाते हैं। वहां पर समस्या ही समस्या नजर आती है। 15 वर्षों से हरिनारायण प्रसाद जनता को मूर्ख बनाने का काम किया है। इस बार उन्हें हरनौत की जनता करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के जनता इस बार अपने बच्चों के भविष्य और रोजगार के मुद्दे पर मतदान करेगी। हरनौत विधानसभा क्षेत्र के जन सुराज प्रत्याशी कमलेश पासवान जिला परिषद के सदस्य हैं। इस बार नालंदा जिले में जन सुराज ने सातों विधानसभा क्षेत्र में अपने प्रत्याशी खड़े किए हैं। जिनमें अधिकांश जिला परिषद सदस्य और वर्तमान अध्यक्ष के साथ पूर्व मेयर और दिल्ली हाई कोर्ट की वकील को दिया है।



