पटना: बिहार के युवाओं के लिए शिक्षक भर्ती में अब खुशखबरी है! नीतीश सरकार ने डोमिसाइल नीति में एक बड़ा बदलाव किया है, जिससे राज्य के करीब 85% पदों पर सिर्फ स्थानीय उम्मीदवारों का हक होगा। सबसे खास बात यह है कि इस आरक्षण का लाभ पाने के लिए आपको निवास प्रमाण पत्र नहीं, बल्कि अपनी 10वीं और 12वीं की मार्कशीट दिखानी होगी। यह फैसला 5 अगस्त को हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया है, जो आने वाली BPSC TRE 4 परीक्षा में लागू होगा।
डोमिसाइल का लाभ लेने के लिए क्या है नया नियम
पहले यह माना जा रहा था कि डोमिसाइल का लाभ लेने के लिए बिहार का निवास प्रमाण पत्र (आवासीय प्रमाण पत्र) दिखाना होगा, लेकिन कैबिनेट के फैसले के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि अब यह नियम लागू नहीं होगा।
कैबिनेट विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ ने बताया है कि डोमिसाइल का लाभ केवल उन्हीं उम्मीदवारों को मिलेगा, जिन्होंने बिहार में रहकर मैट्रिक (10वीं) या इंटर (12वीं) की पढ़ाई की है। इसका सत्यापन निवास प्रमाण पत्र से नहीं, बल्कि 10वीं या 12वीं की मार्कशीट या सर्टिफिकेट से होगा।इसका मतलब यह है कि अगर आपकी 10वीं या 12वीं की परीक्षा बिहार बोर्ड या राज्य के किसी भी अन्य बोर्ड जैसे CBSE के स्कूल से हुई है, तभी आपको डोमिसाइल का लाभ मिलेगा। अगर किसी उम्मीदवार के पास बिहार का निवास प्रमाण पत्र है, लेकिन उसकी मैट्रिक और इंटर की पढ़ाई बिहार से बाहर हुई है, तो उसे डोमिसाइल का लाभ नहीं मिलेगा।
कितने पद बिहार के अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित होंगे
अब तक बिहार में जातिगत आरक्षण (50%) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) को मिलने वाले आरक्षण (10%) में डोमिसाइल नीति पहले से ही लागू थी।इसके अलावा, महिलाओं के लिए 35% क्षैतिज आरक्षण में भी पूर्ण डोमिसाइल लागू है।अब सरकार ने सामान्य या अनारक्षित पदों में भी डोमिसाइल लागू कर दिया है, जिसमें 65% आरक्षण दिया गया है। इसका मतलब है कि जातिगत और EWS आरक्षण के बाद बचे 40% पदों में से दो-तिहाई नौकरियां बिहार के सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित कर दी गई हैं।इन सभी आरक्षणों को मिलाकर, बिहार में शिक्षक बहाली के कुल पदों में से केवल 15% पद ही ऐसे बचेंगे, जिन पर बिहार के अलावा दूसरे राज्यों के उम्मीदवार भी आवेदन कर सकेंगे।
- इसको भी पढ़ें: शिक्षकों की बहाली में डोमिसाइल, बिहार सरकार का बड़ा फैसला
BPSC TRE 4 की घोषणा जल्द
बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती के लिए चौथे चरण की परीक्षा (BPSC TRE 4) इसी साल आयोजित होगी। शिक्षा विभाग ने सभी जिलों से शिक्षकों की खाली सीटों का ब्यौरा मांगा है। अभी तक 9वीं से 12वीं कक्षा के लिए विषयवार लगभग 25,000 रिक्तियां मिली हैं।रिक्तियों की जानकारी मिलने के बाद शिक्षा विभाग, बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को अधियाचना भेजेगा। उम्मीद है कि सितंबर 2025 के पहले सप्ताह में BPSC TRE 4 की तारीखों की घोषणा हो जाएगी। बता दें कि इससे पहले तीन चरणों की शिक्षक भर्तियों में अनारक्षित पदों पर डोमिसाइल लागू नहीं था, जिस कारण उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के कई उम्मीदवार बिहार में शिक्षक बन गए थे।



