सीवान: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आरजेडी के गढ़ सीवान में प्रवेश करते ही राजनीतिक माहौल गरमा दिया। रघुनाथपुर विधानसभा के राजपुर खेल मैदान में आयोजित एनडीए की जनसभा में उन्होंने भोजपुरी में संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा बिहार शक्ति की धरती है, भक्ति की धरती है। इस धरती का गौरवशाली इतिहास है।
सभा में हजारों की भीड़ के बीच योगी ने कहा कि उन्हें आश्चर्य हुआ कि रघुनाथपुर से आरजेडी ने जिस प्रत्याशी को उतारा है, वह अपनी आपराधिक प्रवृत्ति के कारण देश-दुनिया में कुख्यात है। उन्होंने नाम लिए बिना कहा नाम भी देखिए ओसामा शहाब! आरजेडी के लोग आज भी राम मंदिर का विरोध करते हैं। सीतामढ़ी में मां जानकी मंदिर के विकास कार्यों का भी विरोध किया जा रहा है।
राम मंदिर और पहचान की राजनीति पर प्रहार
योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में राम मंदिर आंदोलन का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर तीखा वार किया। उन्होंने कहा आरजेडी ने राम मंदिर के रथ को रोका था, कांग्रेस ने कहा था कि राम हैं ही नहीं, और समाजवादी पार्टी ने तो राम के नाम पर गोलियां चलवाई थीं।
उन्होंने कहा कि इन दलों ने युवाओं के सामने पहचान का संकट पैदा किया, लेकिन आज बिहार और यूपी का युवा देश-दुनिया में गर्व से अपनी पहचान बताता है।
‘बिहार में सब बा’ – योगी का भोजपुरी अंदाज
सभा के दौरान योगी आदित्यनाथ ने भोजपुरी में कहा आज बिहार में सब बा! अच्छी सड़कें बा, अस्पताल बा, विकास बा। अब बिहार में पलायन नहीं, प्रगति के नए कीर्तिमान बन रहल बा। उन्होंने कहा कि आज बिहार और उत्तर प्रदेश दोनों में कानून-व्यवस्था मजबूत है, और अराजकता फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
NDA प्रत्याशी के लिए मांगा समर्थन
योगी आदित्यनाथ ने रघुनाथपुर विधानसभा से एनडीए समर्थित जेडीयू उम्मीदवार विकास सिंह के पक्ष में जनता से वोट की अपील की। यहां मुकाबला आरजेडी उम्मीदवार ओसामा शहाब से है, जो दिवंगत नेता शहाबुद्दीन के बेटे हैं। सभा में योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी ने बिहार को विकास की नई दिशा दी है और इस यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए जनता को एनडीए के साथ रहना चाहिए।



