बेतिया: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। बेतिया के एसपी डॉ. शौर्य सुमन और नगर आयुक्त (आईएएस) लक्ष्मण तिवारी ने सभी घाटों का निरीक्षण किया। नगर निगम और छठ घाट समितियों द्वारा घाटों पर पूजा पंडाल को अंतिम रूप दिया गया है।
नगर में 72 घाटों का निर्माण
नगर के सागर पोखरा, संतघाट, दुर्गा बाग घाट और उत्तरवारी पोखरा के पास नगर निगम प्रशासन द्वारा लोगों के आने-जाने के लिए पथ बनाए गए हैं। नगर निगम द्वारा कुल 72 छठ घाटों का निर्माण कराया गया है, जिनमें से 15 घाट संवेदनशील घोषित किए गए हैं। कुछ घाटों पर चेंजिंग रूम की भी व्यवस्था की गई है। सभी घाटों पर ब्लीचिंग का छिड़काव किया जा रहा है और उन्हें सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है।

नगर आयुक्त लक्ष्मण तिवारी ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में बनाए गए 72 घाटों पर समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं। सड़कें ठीक कराई गई हैं, ताकि छठ व्रती घाट तक आसानी से पहुंच सकें। संवेदनशील घाटों पर बैरिकेडिंग की जा रही है ताकि लोग अधिक गहरे पानी में प्रवेश न कर सकें।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
एसपी डॉ. शौर्य सुमन ने बताया कि महापर्व को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी घाटों पर पुलिस बल और महिला पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा, सादे वर्दी में भी पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है।
यह भी पढ़ेंः छठ के रंग में रंगी सियासत, राजनीतिक दल बिछा रहे वोट का जाल
बेतिया में इस वर्ष आठ घाटों को मॉडल घाट के रूप में सजाया गया है। इनमें संतघाट, सागर पोखरा, दुर्गाबाग और उत्तरवारी पोखरा शामिल हैं। संतघाट को दुल्हन की तरह सजाया गया है, बैरिया घाट पर नवलखा मंदिर का पंडाल बनाया गया है। चंद्रावत नदी के किनारे बैरिया घाट और संतघाट दोनों को दुल्हन की तरह सजाया गया है। पुल को हावड़ा ब्रिज की तरह सजावट दी गई है।
सागर पोखरा, दुर्गाबाग और उत्तरवारी पोखरा की सजावट भी विशेष रूप से आकर्षक बनाई गई है। सभी घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। छठव्रती महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, मेडिकल टीम और प्याऊ की भी विशेष व्यवस्था की गई है।



