नई दिल्ली: छठ पूजा से पहले दिल्ली में यमुना नदी के प्रदूषण को लेकर आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। आप ने दावा किया है कि यमुना का पानी नहाने योग्य भी नहीं रह गया है और इसमें मल पदार्थ (फीकल कंटेंट) की मात्रा खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) की 9 अक्टूबर की लैब रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि आईटीओ जैसे प्रमुख घाटों पर फीकल कॉलिफॉर्म की मात्रा मानकों से तीन गुना अधिक है। इस पर पलटवार करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा आम आदमी पार्टी जब सत्ता में थी तो अपने स्वास्थ, शिक्षा, विकास के मॉडलों का जिक्र करते नही थकती थी। आज दिल्ली एवं देश के लोगों ने आम आदमी पार्टी के नेतृत्व की राजनीतिक हताशा का वो मॉडल देखा जिसे देखने के बाद दिल्ली का पूरा पूर्वांचल समाज हतप्रभ है की आखिर क्या कारण है की “आप” नेतृत्व को दिल्ली की भाजपा सरकार द्वारा यमुना किनारे प्रकृतिक छठ पूजा घाटों के विकास पर इतनी आपत्ति क्यों है।
वीरेंद्र सचदेवा ने रविववार को संवाददाता सम्मेलन में दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर और मीडिया रिलेशन प्रमुख विक्रम मित्तल की माैजूदगी में कहा आज दिल्ली वालों ने हास्यास्पद रूप से “आप” के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज को यमुना किनारे वासुदेव घाट की साफ सफाई के साथ ही वहां स्वच्छ पानी की उपलब्धता पर आपत्ति करते देखा। सचदेवा ने कहा हमने देश में अनेक बार विपक्ष को विकास अभाव एवं पूजा स्थलों पर गंदगी पर आपत्ति करते देखा है पर सौरभ भारद्वाज ने आज यमुना किनारे से जो लाइव विडिओ जारी कर यमुना सफाई पर आपत्ति करने का जो नाटक किया वह पहला ऐसा राजनीतिक प्रपंच था जहां विपक्षी दल को सरकार द्वारा सफाई स्वच्छता सुनिश्चित करने पर आपत्ति है।
केजरीवाल ने यमुना किनारे छठ पूजा पर लगाई थी रोक
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा है की अरविंद केजरीवाल सरकार को बिहार समाज के लोगों के प्रति राजनीतिक द्वेष था जिसके चलते केजरीवाल ने वर्ष 2018 से 2024 तक बिना किसी लिखित न्यायिक या प्रशासनिक आपत्ति के यमुना किनारे छठ के पूजा-पाठ पर रोक लगाई और आज जब रेखा गुप्ता सरकार ने मात्र 8 माह में यमुना की बेसिक सफाई पूरी कर छठ व्रतियों को प्रकृतिक घाट उपलब्ध करवायें हैं तो अब वह हाहाकार मचा रहे हैं।
पूर्वांचली समाज का आप” नेतृत्व से दो सवाल
- “आप” सरकार ने किस प्रशासनिक आधार पर 2018 से 2024 तक दिल्ली में यमुना किनारे छठ पूजा पर रोक लगाई थी ?
- “आप” नेतृत्व बताए की आखिर उन्हे श्रीमती रेखा गुप्ता सरकार के द्वारा यमुना घाटों पर सफाई एवं स्वच्छ जल सुनिश्चित करने पर आपत्ति क्यों है ?
प्रवीण शंकर कपूर ने कहा की जब आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर आज बड़ा खुलासा करने की पोस्ट डाली तो मैंने एक जवाबी पोस्ट डाल कर कहा था की : तैयार रहिए सौरभ भारद्वाज की “मनगढ़ंत कहानियों” की ताजा edition के लिए”। “वैसे एक कहावत सबको याद होगी” “खोदा पहाड़ निकली चुहिया … वो भी मरी हुई” और जब सौरभ भारद्वाज आये तो छठ पूजा के स्वच्छा सफाई सुनिश्चित कर खुद को हास्य का पात्र बना गये।



