पटना: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियां पूरी तरह से सक्रिय हो चुकी हैं। धीरे-धीरे सभी अपने कैंडिडेट्स लिस्ट जारी कर रहे हैं। नामांकन हो रहे हैं। इधर चुनाव को लेकर तीसरे मोर्चे का भी गठन हो चुका है। महागठबंधन में शामिल न किए जाने के बाद असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM ने चंद्रशेखर आजाद की पार्टी आजाद समाज और स्वामी प्रसाद की पार्टी अपनी जनता पार्टी के साथ तीसरा मोर्चा बनाया है। इस गठबंधन को ‘ग्रैंड डेमोक्रेटिक एलायंस’ नाम मिला है।
सीटों का बंटवारा
AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने आज मीडिया से बात करते हुए किशनगंज में कहा कि एआईएमआईएम 35, आजाद समाज पार्टी 25 और अपनी जनता पार्टी 4 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी बैठक के बाद सभी सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया जाएगा। अख्तरूल ईमान ने कहा कि तीनों दल मिलकर बिहार के अधिकारों के लिए लड़ेंगे और सांप्रदायिक ताकतों का मुकाबला करेंगे। वे कुल 64 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।
किधर जाएंगे मुस्लिम वोटर्स
बिहार में मुस्लिम वोटर्स परंपरागत रूप से महागठबंधन के पक्ष में वोट करते आते हैं। CSDS पोस्ट पोल सर्वे के मुताबिक पिछली चुनाव में 76 फीसदी मुस्लिम वोटर्स ने महागठबंधन को वोट दिया, जबकि 11 प्रतिशत में ओवैसी की पार्टी को। ओवैसी की पार्टी ने 20 सीटों पर चुनाव लड़ा और पांच पर जीत हासिल की। इन पांच में से चार सीटों पर एनडीए दूसरे स्थान पर रहा। अगर इस बार AIMIM महागठबंधन के मुस्लिम वोट बैंक में से कुछ इधर खिसका लेती है तो राजद को नुकसान उठाना पड़ेगा।
ये भी पढ़ें-जदयू की लिस्ट में बाहुबलियों का जलवा, जानें बड़ी बातें
14 नवंबर को आएगा रिजल्ट
बिहार में 6 और 11 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। 14 नवंबर को वोटों की गिनती होगी। महागठबंधन में अब तक सीटों का बंटवारा फाइनल नहीं हुआ है। वहीँ NDA में भाजपा-जदयू 101 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। लोजपा को 29, जीतन राम मांझी की पार्टी हम को 6 और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी को भी 6 सीटें मिली है।



