नई दिल्ली। राज्यपाल वीके सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार द्वारा 25 अटल कैंटीन का आज शुभारंभ किया गया। मॉडल टाउन के लालबाग क्षेत्र में कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कैंटीन का उद्घाटन किया और स्थानीय निवासियों के साथ बैठकर भोजन भी किया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मंत्री सिरसा ने दिल्ली की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “दिल्ली देश की राजधानी है। लोगों ने अपने वोट से यहां एक ऐसी सरकार बनाई जो दिल्ली के विकास और जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।”
उन्होंने कहा कि ‘अटल कैंटीन’ गरीब और मेहनतकश वर्ग के सम्मान से जुड़ा संकल्प है। हमने चुनाव के समय वादा किया था कि पांच रुपये में भरपेट भोजन देंगे। आज लालबाग में भी यह वादा पूरा हुआ है। केवल पांच रुपये में इतना स्वादिष्ट, इतना साफ-सुथरा भोजन, इतनी अच्छी व्यवस्था, यह अपने आप में पूरे देश के लिए एक मिसाल है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री सिरसा ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा, “दिल्ली के अंदर खासतौर से पिछले ग्यारह-बारह साल में भ्रष्टाचार और घोटालों की बीमारी ने दिल्ली को नुकसान पहुंचाया। आपने ऐसी भ्रष्ट सरकार को हटाकर विकास की सरकार बनाई है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की कार्यशैली की सराहना करते हुए मंत्री सिरसा ने कहा कि रेखा गुप्ता आपकी बेटी, आपकी बहन के रूप में मुख्यमंत्री बनी हैं, जो गरीब का, जरूरतमंद का और उनके रोजगार की चिंता करती है। जरूरतमंद को भोजन मिले, मुफ्त इलाज मिले, बच्चों को बेहतर स्कूल मिले, इसी दिशा में सरकार निरंतर काम कर रही है।
राशन कार्ड के मुद्दे पर भी सिरसा ने स्पष्ट आश्वासन देते हुए कहा कि मैं आपको आश्वासन देकर जाता हूं, विधायक महोदय के माध्यम से जो भी वास्तविक जरूरतमंदों की जानकारी आएगी, उन्हें हर हाल में राशन उपलब्ध करवाया जाएगा। जरूरत पड़ेगी तो नए राशन कार्ड भी बनाए जाएंगे।



