World Para Athletics: सिमरन-निशाद के स्वर्ण ने भारत का बढ़ाया दबदबा

World Para Athletics चैंपियनशिप में भारत के निशाद कुमार और सिमरन शर्मा ने स्वर्ण, जबकि प्रीति पाल और प्रदीप कुमार ने कांस्य पदक जीते। भारत अब 15 पदकों पर पहुंच गया है।

Share This Article:

नई दिल्ली: भारत के खिलाड़ियों ने विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप (World Para Athletics Championships) में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया। हिमाचल के निशाद कुमार (Nishad Kumar) और दिल्ली की सिमरन शर्मा (Simran Sharma) ने स्वर्ण पदक जीतकर भारत के पदक तालिका में बढ़त दिलाई। इसके अलावा प्रीति पाल और प्रदीप कुमार ने कांस्य पदक हासिल कर भारत के कुल पदकों की संख्या 15 तक पहुंचा दी है। अब तक भारत के खाते में 6 स्वर्ण, 5 रजत और 4 कांस्य पदक आ चुके हैं। प्रतियोगिता में अभी दो दिन बाकी हैं और भारत पिछली चैंपियनशिप के 17 पदकों के रिकॉर्ड से मात्र तीन पदक दूर है।

पिता ने सिमरन का बढ़ाया हौसला

दिल्ली की धाविका सिमरन शर्मा ने महिलाओं की 100 मीटर टी-12 स्पर्धा में 11.95 सेकेंड का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। सिमरन अब 200 मीटर की रेस में भी चुनौती पेश करेंगी। जापान में हुई पिछली चैंपियनशिप में उन्होंने 200 मीटर में स्वर्ण पदक और 2024 पैरालंपिक में कांस्य पदक जीता था। इस बार 100 मीटर में चीन की लियांग ने रजत और स्पेन की नागोरे ने कांस्य पदक जीता।

सिमरन का जीवन संघर्ष से भरा रहा है। उनका जन्म छह महीने से पहले हुआ था और उन्हें लंबे समय तक इनक्यूबेटर में रहना पड़ा। दृष्टिबाधित होने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। उनके पिता मनोज शर्मा ने हमेशा उन्हें खेलों के लिए प्रेरित किया और यही समर्थन आज उनकी सबसे बड़ी ताकत बना।

जन्मदिन पर निशाद ने रचा इतिहास

हिमाचल प्रदेश के ऊना के रहने वाले निशाद कुमार ने पुरुषों की ऊंची कूद टी-47 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। खास बात यह रही कि निशाद का यह प्रदर्शन उनके 26वें जन्मदिन पर आया। उन्होंने 2.14 मीटर की छलांग लगाकर एशियाई रिकॉर्ड भी बनाया।

निशाद का जीवन भी कठिनाइयों से भरा रहा है। मात्र छह साल की उम्र में एक हादसे में उन्होंने अपना दायां हाथ गंवा दिया था। इसके बावजूद उन्होंने खेलों से नाता नहीं तोड़ा और मेहनत के बल पर आज यह मुकाम हासिल किया। इससे पहले निशाद ने टोक्यो और पेरिस पैरालंपिक में रजत, 2019 की विश्व चैंपियनशिप में कांस्य और 2023 में रजत पदक जीता था।

अन्य पदक विजेता खिलाड़ी

महिलाओं की 200 मीटर टी-35 स्पर्धा में प्रीति पाल ने 30.03 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता। वहीं, डिस्कस थ्रो में प्रदीप कुमार ने 46.23 मीटर का थ्रो कर कांस्य अपने नाम किया।

विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन अब तक बेहद शानदार रहा है। सिमरन और निशाद के स्वर्ण के साथ भारत पदक तालिका में मजबूत स्थिति में है। अभी दो दिन बाकी हैं और उम्मीद की जा रही है कि भारत इस बार अपने पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए और ज्यादा पदक जीतकर नया इतिहास रचेगा।

Sakshi Pal

sakshipal8700@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.