नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) इस समय बदलाव के दौर से गुजर रही है। दिग्गज खिलाड़ियों के संन्यास और नए चेहरों को उभरने के बीच युवा बल्लेबाज शुभमन गिल (Shubman Gill) सुर्खियों में हैं। रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद गिल को भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी सौंपी गई है। यही नहीं, क्रिकेट जगत में चर्चा है कि भविष्य में उन्हें वनडे, टेस्ट और टी20 तीनों फॉर्मेट का कप्तान भी बनाया जा सकता है।
शुभमन गिल पर बीसीसीआई का भरोसा
गिल की लगातार रन बनाने की क्षमता और उनकी लीडरशिप स्किल्स ने बीसीसीआई को प्रभावित किया है। खबरें हैं कि लिमिटेड ओवर फॉर्मेट में भी उन्हें जल्द उपकप्तान घोषित किया जा सकता है। उनका यह सफर उन्हें भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा चेहरा बना सकता है।
विराट कोहली और शुभमन गिल की तुलना क्यों?
क्रिकेट फैन्स और विशेषज्ञ शुभमन गिल (Shubman Gill) की तुलना विराट कोहली (Virat Kohli) से करने लगे हैं। वजह साफ है की गिल ने सिर्फ 55 वनडे मैचों में अपनी छाप छोड़ दी है। रन बनाने की उनकी क्षमता और बल्लेबाजी तकनीक उन्हें “अगला विराट कोहली” साबित करने की दिशा में ले जा रही है। वहीं विराट कोहली पहले ही खुद को “रन मशीन” साबित कर चुके हैं।
विराट कोहली का वनडे रिकॉर्ड
वनडे क्रिकेट की बात करें तो विराट कोहली (Virat Kohli) का रिकॉर्ड बेमिसाल है। उन्होंने 302 मैचों में 14181 रन बनाए हैं। उनका औसत 57 और स्ट्राइक रेट 93 के आसपास है। कोहली अब तक वनडे में 51 शतक और 74 अर्धशतक लगा चुके हैं। चौकों और छक्कों की बात करें तो उनके नाम 152 चौके और 161 छक्के दर्ज हैं। यही कारण है कि उन्हें वनडे का “King” कहा जाता है।
शुभमन गिल का वनडे प्रदर्शन
गिल ने अब तक 55 वनडे मैचों में 2775 रन बनाए हैं। उनका औसत 41 और स्ट्राइक रेट 61 रहा है। इस दौरान गिल ने 8 शतक और 15 अर्धशतक जड़े हैं। चौकों की संख्या 313 और छक्कों की संख्या 59 है। गिल के आंकड़े भले ही विराट जितने बड़े न हों, लेकिन कम मैचों में उनका प्रदर्शन उम्मीद जगाने वाला है।
टेस्ट और टी-20 में दोनों का रिकॉर्ड
विराट कोहली (Virat Kohli) ने 123 टेस्ट मैचों में 9230 रन बनाए हैं, जिसमें 30 शतक और 31 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, 125 टी-20 मैचों में उन्होंने 4188 रन बनाए हैं और इसमें एक शतक व 38 अर्धशतक लगाए हैं। दूसरी ओर, शुभमन गिल ने 37 टेस्ट मैचों में 2647 रन बनाए हैं, जिसमें 9 शतक और 7 अर्धशतक शामिल हैं। टी-20 की बात करें तो गिल ने 21 मैचों में 578 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं।
आंकड़ों की तुलना से साफ है कि विराट कोहली अभी भी भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े बल्लेबाज बने हुए हैं। लेकिन शुभमन गिल जिस तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, वह भविष्य में भारतीय क्रिकेट के नए “पोस्टर बॉय” साबित हो सकते हैं। कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों ही मोर्चों पर गिल की जिम्मेदारियां बढ़ रही हैं। विराट का अनुभव और गिल का जोश, दोनों मिलकर भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं।



