नई दिल्ली: दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) में आगामी छात्रसंघ (DUSU) चुनाव में इस बार आम आदमी पार्टी (AAP) की छात्र इकाई ‘एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट्स फॉर अल्टरनेटिव पॉलिटिक्स’(ASAP) पहली बार चुनावी मैदान में उतरेगी। पार्टी ने 15 अगस्त यानी शुक्रवार को इसकी औपचारिक घोषणा की। AAP पार्टी के दिल्ली संयोजक सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि इस पहल का मकसद है “पैसे और पावर से मुक्त छात्र राजनीति को बढ़ावा देना” और साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले योग्य छात्रों को चुनाव में हिस्सा लेने का अवसर उपलब्ध कराना।
DU चुनावी प्रक्रिया और आवेदन
- उम्मीदवारों से 15 अगस्त से 25 अगस्त तक आवेदन लिए जाएंगे।
- आवेदन करने वालों को एक मिनट का वीडियो, 500 शब्दों का उद्देश्य-पत्र और समर्थक छात्रों के हस्ताक्षर देने होंगे।
- कॉलेज स्तर पर चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवारों को 10 समर्थक और DUSU चुनाव में उतरने के लिए कम से कम 50 समर्थक (पांच अलग-अलग कॉलेजों से) जरूरी होंगे।
DU चुनावो में स्वच्छ राजनीति का लक्ष्य
AAP संयोजक ने कहा, ASAP का मिशन जमीनी स्तर से स्वच्छ राजनीति और लोकतंत्र को मजबूत करना है। हम चाहते हैं कि छात्र चुनावो में पैसे और ताकत के बजाय ईमानदारी को चुनें।
उन्होंने भारत की आज़ादी की लड़ाई और मौजूदा राजनीति की चुनौतियों के बीच समानता बताते हुए कहा कि जैसे महात्मा गांधी, भगत सिंह, और सरदार पटेल ने स्वतंत्र लोकतंत्र के लिए संघर्ष किया था, वैसे ही अब छात्र राजनीति को भी शुद्ध और स्वच्छ करने की ज़रूरत है।
लोकतंत्र की पहली सीढ़ी
आम आदमी पार्टी के नेता ने यह भी कहा कि छात्रसंघ चुनाव युवाओं के लिए लोकतंत्र का पहला सीधा अनुभव होता है साथ ही यह लोकतंत्र को भी मजबूत बनाता हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी केवल राजधानी ही नहीं, बल्कि पूरे देश की राजनीतिक सोच को आकार देती है।भारद्वाज ने इसे एक “मॉडल राजनीतिक प्रक्रिया” बताते हुए कहा कि इस प्रयास का लक्ष्य छात्रों के आदर्शवाद को “फ्रीबीज़ और बड़ी पार्टियों के प्रभाव से बचाना” है।
- इसको भी पढ़ें: DU ने DUSU चुनावों में ₹1 लाख बॉन्ड पर अंतिम फैसला टाला
निष्कर्ष
AAP की छात्र इकाई ASAP की यह पहल DU की राजनीति में एक नया अध्याय खोल सकती है। यदि छात्र ईमानदारी और आदर्शों को प्राथमिकता देते हुए इस प्रक्रिया का हिस्सा बनते हैं, तो यह कदम न सिर्फ DUSU की राजनीति को नई दिशा देगा बल्कि देश की भविष्य की राजनीति के लिए भी प्रेरणादायक साबित हो सकता है।



