नई दिल्ली | इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के सीजन में लगातार तीन हार झेलकर अंक तालिका में सबसे नीचे संघर्ष कर रही चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए एक राहत भरी खबर आई है।
टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी जल्द ही मैदान पर वापसी कर सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, धोनी अगले एक-दो दिनों में एक महत्वपूर्ण फिटनेस टेस्ट देंगे, जिसके बाद उनकी वापसी की तारीख पर स्थिति साफ हो जाएगी।
धोनी इस सीजन की शुरुआत से ही ‘काफ स्ट्रेन’ (पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव) से जूझ रहे हैं। इसी चोट के कारण वह टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों का हिस्सा नहीं बन पाए थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, यदि धोनी फिटनेस टेस्ट पास कर लेते हैं, तो वह इस शनिवार को चेपॉक स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं।
सीएसके के प्रशंसकों के लिए उत्साहजनक खबर यह है कि धोनी ने नेट्स पर बल्लेबाजी अभ्यास शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि उन्हें बल्लेबाजी के दौरान अब कोई खास परेशानी महसूस नहीं हो रही है। हालांकि, टीम प्रबंधन 44 वर्षीय इस दिग्गज खिलाड़ी को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहता। धोनी वर्तमान में टीम के साथ यात्रा भी नहीं कर रहे हैं और अपना पूरा ध्यान रिकवरी पर लगा रहे हैं।
धोनी की अनुपस्थिति में चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही है। टीम अब तक राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से हार चुकी है।
आलम यह है कि पांच बार की चैंपियन टीम फिलहाल पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे है। धोनी के साथ-साथ टीम डेवाल्ड ब्रेविस की चोट से भी परेशान है, जो साइड स्ट्रेन के कारण बाहर चल रहे हैं। ऐसे में शनिवार को धोनी की वापसी टीम में नई जान फूंक सकती है।



