IND-PAK क्रिकेट विवाद गहराया, दोनों बोर्डों ने ICC से की शिकायतें

Asia Cup में भारत-पाक मैचों के बाद विवाद बढ़ गया है। पीसीबी ने सूर्यकुमार यादव पर शिकायत दर्ज कराई, जबकि भारत ने फरहान और रऊफ की हरकतों पर ICC से कड़ी कार्रवाई मांगी।

Share This Article:

नई दिल्ली: Asia Cup 2025 में भारत और पाकिस्तान (India vs Pakistan) के बीच खेले गए मुकाबलों के बाद मैदान के अंदर और बाहर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे। जहां भारतीय टीम ने पाकिस्तान को लीग मैच में सात विकेट और सुपर-4 में छह विकेट से हराया, वहीं दोनों टीमों और क्रिकेट बोर्डों के बीच तनातनी और तेज हो गई है। ऐसे में ICC की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं कि वह इस बढ़ती तनातनी को रोकने के लिए क्या कदम उठाती है।

पीसीबी ने सूर्यकुमार यादव पर की शिकायत

14 सितंबर के लीग मैच के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB Complaint) ने भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) के खिलाफ दो शिकायतें दर्ज कराई थीं। पहली शिकायत टॉस के बाद पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा (Salman Ali Agha) से हाथ न मिलाने को लेकर थी और दूसरी उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस के बयान को लेकर। इन शिकायतों पर आईसीसी ने मैच रेफरी रिची रिचर्डसन को जांच की जिम्मेदारी सौंपी।

भारत की ओर से कड़ी आपत्ति

21 सितंबर को खेले गए सुपर-4 मैच में साहिबजादा फरहान (Sahibzada Farhan) और हारिस रऊफ (Haris Rauf) की हरकतों पर भारतीय टीम ने आधिकारिक शिकायत दर्ज की। फरहान ने अर्धशतक जमाने के बाद बल्ले से ‘गन सेलिब्रेशन’ किया, जबकि रऊफ ने संजू सैमसन का विकेट लेने के बाद आक्रामक प्रतिक्रिया दी और फिर अभिषेक शर्मा व शुभमन गिल से भिड़ गए। बीसीसीआई ने इसे खेल भावना के खिलाफ बताते हुए मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट से कठोर कार्रवाई की मांग की और वीडियो सबूत भी भेजे।

फरहान का विवादित जश्न

शिकायत में फरहान की प्रेस कॉन्फ्रेंस का भी जिक्र किया गया है, जिसमें उन्होंने कहा कि यह महज जश्न का एक पल था और उन्हें इस पर कोई पछतावा नहीं है। बीसीसीआई का मानना है कि उनका यह बयान दर्शाता है कि यह हरकत जानबूझकर की गई।

तनाव और गहराया

एशिया कप की शुरुआत से ही दोनों टीमों में तनाव साफ दिखा। 14 सितंबर के मैच के बाद भारतीय खिलाड़ियों द्वारा हाथ न मिलाने की घटना से पाकिस्तान खफा था। इसके बाद पीसीबी ने आईसीसी और मैच रेफरी दोनों से बार-बार शिकायतें कीं। यहां तक कि पाकिस्तान ने यूएई के खिलाफ लीग मैच का बहिष्कार करने की धमकी भी दी और सुपर-4 के मुकाबले से पहले होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द कर दी।

सूर्यकुमार यादव से मांगा गया जवाब

आईसीसी ने पीसीबी की शिकायतों पर गंभीरता दिखाते हुए सूर्यकुमार यादव को नोटिस भेजा है। रिची रिचर्डसन ने कहा कि सूर्यकुमार का मैच प्रेजेंटेशन और प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिया गया बयान खेल की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला माना जा सकता है। यदि सूर्य आरोपों को खारिज करते हैं तो इस पर सुनवाई होगी, जिसमें पीसीबी प्रतिनिधि और रेफरी भी शामिल रहेंगे।

भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप के मैचों ने क्रिकेट से ज्यादा विवादों को सुर्खियों में ला दिया है। जहां पाकिस्तान बोर्ड लगातार भारतीय खिलाड़ियों पर आरोप लगा रहा है, वहीं भारत ने पाक खिलाड़ियों की हरकतों को खेल भावना के विपरीत करार दिया है। अब देखना होगा कि आईसीसी इन शिकायतों पर क्या रुख अपनाता है।

Sakshi Pal

sakshipal8700@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.