नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 19 अगस्त को एशिया कप 2025 (Asia Cup 2025) के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया। इस बार टीम इंडिया की कमान विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) को सौंपी गई है, जबकि शुभमन गिल (Shubman Gill) को उपकप्तान बनाया गया है। टीम के हेड कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) ने टूर्नामेंट से पहले ही खिलाड़ियों की बल्लेबाजी क्रम की रूपरेखा तय कर ली है।
टॉप ऑर्डर पर गिल, अभिषेक और तिलक वर्मा
एशियन क्रिकेट काउंसिल ने टूर्नामेंट को और रोचक बनाने के लिए इस बार दो अतिरिक्त टीमों को शामिल किया है, जिससे सुपर-4 तक पहुंचना और चुनौतीपूर्ण हो गया है। इस परिस्थिति में भारत का टॉप ऑर्डर बेहद अहम भूमिका निभाएगा।
संभावना है कि शुभमन गिल (Shubman Gill) और अभिषेक शर्मा पारी की शुरुआत करेंगे। वहीं नंबर-3 पर तिलक वर्मा को मौका मिल सकता है। तिलक का इस पोजीशन पर रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने अब तक 13 मैचों में 55.27 की औसत और 169.73 के स्ट्राइक रेट से 443 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं।
मिडिल ऑर्डर का जिम्मा सूर्या, अक्षर और संजू पर
मध्यक्रम में कप्तान सूर्यकुमार यादव टीम की रीढ़ की हड्डी होंगे। सूर्य ने नंबर-4 पर 46 मैचों में 1609 रन बनाए हैं, जिनमें तीन शतक और 13 अर्धशतक शामिल हैं। उनका स्ट्राइक रेट 168 से अधिक का है।
नंबर-5 पर अक्षर पटेल को प्राथमिकता मिल सकती है, जिन्होंने इस स्थान पर 138 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। नंबर-6 के लिए टीम के पास कई विकल्प हैं – संजू सैमसन, जितेश शर्मा और हार्दिक पंड्या। जहां संजू और जितेश सीमित अनुभव के साथ आते हैं, वहीं हार्दिक ने इस पोजीशन पर 25 पारियों में 513 रन बनाए हैं।
ग्रुप स्टेज की चुनौती
भारत का सामना लीग चरण में संयुक्त अरब अमीरात, पाकिस्तान और ओमान जैसी टीमों से होगा। यूएई ने हाल ही में बांग्लादेश को हराया है, वहीं पाकिस्तान हमेशा से भारत (Pakistan vs India) का सबसे बड़ा प्रतिद्वंद्वी रहा है। ओमान भी टी20 क्रिकेट में चौंकाने की क्षमता रखता है। ऐसे में भारत को अपने टॉप और मिडिल ऑर्डर दोनों से बड़ी जिम्मेदारी निभानी होगी।
संभावित प्लेइंग इलेवन – एशिया कप 2025
- शुभमन गिल (उपकप्तान)
- अभिषेक शर्मा
- तिलक वर्मा
- सूर्यकुमार यादव (कप्तान)
- अक्षर पटेल
- संजू सैमसन (विकेटकीपर)/ जितेश शर्मा/ हार्दिक पंड्या
- हार्दिक पंड्या/ जितेश
- कुलदीप यादव
- वरुण चक्रवर्ती
- जसप्रीत बुमराह
- अर्शदीप सिंह



